Bihar News: संसद के मानसून सत्र का आज गुरुवार (14 अगस्त) को आखिरी दिन था। सत्र के आखिरी दिन भी सत्ता पक्ष और विपक्ष का हंगामा जारी रहा। इसके साथ ही सदन की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई। सत्र के अंतिम दिन हंगामे और अनिश्चितकाल तक स्थगित होने पर भाजपा ने विपक्ष खासकर कांग्रेस पर निशाना साधा है। भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा कि, मानसून सत्र एक नेता के अहंकार, अनुशासनहीनता और उदंडता की भेंट चढ़ गया।

रविशंकर प्रसाद ने राहुल पर बोला हमला

रविशंकर प्रसाद ने कहा कि, राहुल गांधी अपनी बहन के साथ बिना अनुमति प्रधानमंत्री आवास के गेट पर बैठ गए। राहुल गांधी के पिता, दादी, परनाना प्रधानमंत्री रहे हैं। प्रधानमंत्री के निवास का क्या महत्व होता है? वो उनको मालूम है। उन्होंने कहा कि, NEET पर बड़ा कानून आया केवल उसी पर सदन में बहस हुई, राहुल गांधी ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।

वे बार-बार कहते थे गृह मंत्री पुलिस कार्रवाई पर जवाब दें, जब गृह मंत्री ने कहा कि वे 24 घंटे बहस सुनने को तैयार हैं और उनके तर्कों का जवाब देने को तैयार हैं तो फिर उन्होंने कहा अगर उन्होंने गोली चलाने का आदेश दिया है, तो त्याग पत्र दें। क्या राहुल गांधी को शासन की मूलभूत समझदारी नहीं है? कभी गृह मंत्री के आदेश पर गोली चलती है क्या? वहां पुलिस के अधिकारी होते हैं, उनसे पूछकर कार्रवाई की जाती है।

‘कांग्रेस ने संसद के इतिहास में लगाया काला दाग’

वहीं, पटना में भाजपा नेता शहनवाज़ हुसैन ने कहा कि, संसद के इतिहास में कांग्रेस ने काला दाग लगा दिया है। पूरा सत्र हंगामें की भेंट चढ़ गया। जिस तरह की हरकत कांग्रेस और विपक्ष ने की है। जो लोग भी लोकतंत्र में आस्था रखते हैं। वे कभी क्षमा नहीं करेंगे। जिस तरह कांग्रेस ने शर्त पर शर्त रखी, राहुल गांधी विपक्ष के नेता के तौर पर पूरे विपक्ष को गुमराह किया। संसद चलने नहीं दी।

मानसून सत्र के दौरान संसद में कितना काम हुआ?

मानसून सत्र की कार्यवाही के दौराना ज्यादातर समय जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई, राम मंदिर में कथित चंदा चोरी, नीट पेपर लीक और गृहमंत्री अमित शाह के सदन में नहीं आने के मुद्दे को लेकर हंगामेदार रहा। लोकसभा में सत्र के दौरान कुल 11 विधेयक पेश व पारित कराए गए। वहीं, राज्यसभा में कुल 12 विधेयकों पर चर्चा हुआ और पारित कराया गया।

ये भी पढ़ें- ‘सियासी रोटी सेंकना चाहते हैं तेजस्वी’, राजद के राजभवन मार्च ऐलान पर संजय सरावगी का तंज