कुंदन कुमार/पटना। राज्य में हाल ही में आई आंधी और बारिश ने जनजीवन के साथ-साथ विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को भी काफी प्रभावित किया है। राज्य के कई जिलों में बिजली की लाइनें बाधित हुई हैं। इसे लेकर बिहार के ऊर्जा मंत्री बुलो मंडल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर स्थिति की जानकारी दी।
युद्धस्तर पर बहाली का काम जारी
मंत्री बुलो मंडल ने स्पष्ट किया कि प्राकृतिक आपदा के कारण जिन इलाकों में बिजली सेवा बाधित हुई है, वहां विभागीय कर्मचारी लगातार काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा आम जनता को किसी भी प्रकार की परेशानी न होइसके लिए हमारी पूरी टीम पूरी तत्परता के साथ जमीनी स्तर पर जुटी हुई है। जल्द ही सभी प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी।
सोलर ऊर्जा को बढ़ावा देने की योजना
ऊर्जा मंत्री ने भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा करते हुए बताया कि सरकार का मुख्य लक्ष्य अब घरों में सोलर पावर को अधिक से अधिक बढ़ावा देना है। उन्होंने जानकारी दी कि वर्तमान में बिहार के लोगों को 125 यूनिट बिजली नि:शुल्क मिल रही है। अब विभाग इस दिशा में काम कर रहा है कि कैसे सौर ऊर्जा का उपयोग घरों में बढ़ाया जा सके।
उन्होंने बताया कि राज्य में कुल लगभग 2700 फीडर हैं, जिन्हें भविष्य में सोलर पावर से संचालित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अतिरिक्त कुसुम योजना के तहत किसानों को भी सोलर पावर के जरिए सिंचाई और बिजली की सुविधा मुहैया कराई जाएगी।
स्मार्ट मीटर पर जताया भरोसा
विपक्ष द्वारा स्मार्ट मीटर को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर पलटवार करते हुए ऊर्जा मंत्री ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में स्मार्ट मीटर लगाए गए थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि ये मीटर पूरी तरह से सही ढंग से और पारदर्शी तरीके से काम कर रहे हैं। मंत्री ने दावा किया कि यह तकनीक बिजली प्रबंधन को और अधिक कुशल बनाने में सहायक साबित हो रही है।

