कुंदन कुमार, पटना। बाढ़ प्रभावित जिलों और उससे हुए तबाही का जायजा लेने के लिए आज बुधवार (16, सितंबर) को केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में केंद्र की एक टीम बिहार पहुंची। शिवराज सिंह चौहान ने अपनी टीम के साथ वैशाली के हाजीपुर, राघोपुर और तेरसिया दियारा इलाके समेत अन्य प्रभावित जिलों का हवाई, नाव और ट्रैक्टर से जायजा लिया। इस दौरान सीएम सम्राट चौधरी भी उनके साथ मौजूद रहे। केंद्रीय टीम उद्देश्य राज्य में बाढ़ से हुए फसल, मकान और बुनियादी ढांचे के नुकसान का आकलन कर एक रिपोर्ट तैयार करने के साथ-साथ बाढ़ की समस्या का स्थायी समाधान करना है।
बाढ़ पर आपदा प्रबंधन मंत्री रत्नेश सदा का बयान
शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में बिहार आई केंद्रीय टीम के बीच बिहार के आपदा प्रबंधन मंत्री रत्नेश सदा ने कहा कि, बिहार में बाढ़ की स्थिति को लेकर सरकार पूरी तरह सतर्क है। नेपाल में आई बाढ़ का असर बिहार पर भी पड़ा है। आपदा मंत्री ने कहा कि, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लगातार बाढ़ की स्थिति की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्यों को लेकर सरकार की ओर से लगातार नजर रखी जा रही है। मंत्री ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं और सरकार स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए हुए है।
‘केले और मक्के की फसल को नुकसान’
वहीं, वैशाली के तेरसिया दियारा इलाके में मीडिया से बात करते हुए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, हम लोग देख रहे हैं कि यहां पर केले की फसल, मक्के की फसल लगातार 10 से ज्यादा दिन तक पानी में रहने के कारण खराब हो गई है। पूरे बिहार में लगभग 50 लाख लोगों को अपना-अपना घर छोड़ना पड़ा। फसल का भी नुकसान हुआ है और मकान का भी नुकसान हुआ है। कुछ लोग बता रहे हैं कि पशुओं का भी नुकसान हुआ है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य सरकार जनता को हर संभव मदद देने के काम में जुटी है। अभी प्रति परिवार 7 हजार रुपए देना शुरू किया है।
‘हर संभव सहायता करेगी केंद्र सरकार’
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि, बाढ़ की भयंकरता को देखते हुए प्रधानमंत्री जी के निर्देश पर मैं भी केंद्र सरकार की तरफ से आया हूं। आज मुख्यमंत्री के साथ अलग-अलग जिलों में हम स्थिति का जमीनी जायदा ले रहे हैं। केंद्र सरकार की तरफ से मैं बिहार की जनता को आश्वस्त करता हूं कि संकट है मगर इससे बाहर निकालने में राज्य सरकार के साथ हम खड़े रहेंगे। बिहार की हर संभव सहायता करेंगे। एक केंद्रीय दल और आएगा जो क्षति का आकलन करेगा… जो भी नुकसान हुआ है, उसको देखते हुए केंद्र सरकार भी हर संभव सहायता करेगी।
ये भी पढ़ें- ‘देश की हर समस्या का समाधान अब दीया जलाने से होगा’, नितिन नबीन की अपील पर रोहिणी ने कसा तंज



