Bihar Politics: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कल 17 सितंबर को जन्मदिन है। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी 17 सितंबर से एक महीने यानी 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाएगी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने एक वीडियो संदेश जारी कर देशवासियों से पीएम मोदी के जन्मदिन पर शाम 6 से 7 बजे के बीच अपने-अपने घरों में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने और उनकी दीर्घायु तथा उत्तम स्वास्थ्य की प्रार्थना करने की अपील की है, जिसपर लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने तंज कसा है।

’17 सितंबर को होगा देश की हर समस्याओं का समाधान’

रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि, मोदी – मंडली का नया टोटका। दीया जलाओ, चरमराती अर्थव्यवस्था, बेरोजगारी, महंगाई, आपदा-विपदा का दुःख भूल जाओ। रोहिणी ने कहा कि, 17 सितंबर को दीया जलाए जाने वाला इवेंट कोरोना की आपदा के दौरान ताली-थाली पिटवाने के इवेंट का सीक्वल है। लगता है कि देश की तमाम समस्याओं का समाधान अब 17 सितंबर को शाम 6 से 7 बजे के बीच एक ‘आशीर्वाद का दीया ‘ जलाने से ही होगा।

‘काम जीरो, ड्रामा पूरा’

रोहिणी ने कहा कि, 2014 में सत्ता में आने के बाद से पीएम मोदी और बीजेपी की उनकी मंडली ने देशहित-जनहित के मुद्दों पर काम करने से ज्यादा फोकस ऐसे बेतुके इवेंट्स पर ही किया है। उन्होंने कहा कि, मोदी और उनकी मंडली वालों के पास अद्भुत विज्ञान है, जिसमें महंगाई, गरीबी, बदहाल अर्थव्यवस्था, रोज गिरती कानून व्यवस्था का इलाज अब सुचारु शासन व्यवस्था, योजनाओं व् नीतियों में नहीं, बल्कि ताली-थाली बजवाने और दीए जलवाने के इवेंट मैनेजमेंट, ऐसे इवेंटस के प्रचार और बड़ी बेशर्मी से ऐसे इवेंट्स में लोगों को शिरकत करने की अपील में छुपा है।

उन्होंने कहा कि, पीएम मोदी और उनकी मंडली वालों…देश आशीर्वाद से नहीं, ठोस नीतियों और देश के प्रति जवाबदेही से चलता है। मगर अफ़सोस.. आपकी और आपकी मंडली वालों की नीति ही कुछ अलग है। “काम जीरो ( शून्य ), ड्रामा पूरा।”

राजद ने भाजपा और पीएम मोदी पर कसा तंज

नितिन नबीन की दीए जलाने वाली अपील पर रोहिणी आचार्य के अलावा राजद ने भी तंज कसा है। राजद ने अपने एक्स पर लिखा, हे बिहारवासियों, कल भाजपाइयों के ईश्वर नरेंद्र दामोदर दास मोदी का जन्मदिन है। आप सभी लोग अपने बाढ़ में डूबे हुए घरों को भूल जाइए, भूख से भी बिलखते अपने बच्चों को भूल जाइए, आपके मवेशी जो बह गए उनको भी भूल जाइए। भूल जाइए खेत में आपकी फसल कैसे बर्बाद हो गई, यह भी भूल जाइए कि मोदी सरकार ने बाढ़ राहत के नाम पर बिहार को फूटी कौड़ी भी नहीं दिया। आप अपना आत्मसम्मान भूल जाइए, अपने जीने का लक्ष्य भूल जाइए, अपने बच्चों का भविष्य भूल जाइए और सब कुछ भूल कर मोदी जी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में कहीं से भी उधार लेकर घी के दिए जलाइए।

तो व्यर्थ है आपका जीवन- राजद

राजद ने कहा कि, आप धरती पर इसलिए आए हैं ताकि मोदी जी के जन्मदिन पर अपना पेट काटकर घी के दिए जला सकें और भाजपाइयों के अहंकार की पूर्ति कर सकें। अगर आप ऐसा नहीं कर पाते हैं, तो आपका जीवन व्यर्थ है। भारत देश बना ही इसीलिए कि मोदी जी यहां के प्रधानमंत्री बन पाएं और बिहारवासी इसीलिए बने हैं कि सारी उपेक्षा और तिरस्कार झेलने के बावजूद मोदी जी का गुणगान करते रहें। उनकी सरकार बनाते रहें और 10,000 रुपए लेकर जीवन के सारे आनंद और सुख भूल जाएं।

ये भी पढ़ें- ‘नीतीश के लिए यह पाप धोने का समय’, जानें भाई वीरेंद्र ने पूर्व CM के लिए क्यों कही ये बात?