कुंदन कुमार, पटना। बिहार में गंगा, गंडक, कोसी और सोन समेत कई नदियों का पानी अब धीरे-धीरे कम हो रहा है, लेकिन बाढ़ की परेशानी अभी खत्म नहीं हुई है। राज्य के 14 जिलों की 423 से अधिक ग्राम पंचायतों में करीब 27.01 लाख लोग अब भी बाढ़ से प्रभावित हैं। कटिहार, भागलपुर खगड़िया और राजधानी पटना के ग्रामीण इलाकों में बाढ़ की स्थिति अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।

खतरे के निशान से ऊपर बह रही गंगा

राजधानी पटना में गंगा के जलस्तर में अब कमी आने लगी है। पिछले 24 घंटे में दीघा घाट पर 24 सेंटीमीटर और गांधी घाट पर 15 सेंटीमीटर पानी का जलस्तर घटा है। लेकिन खतरे के निशान से नीचे आने और स्थिति सामान्य होने में अभी करीब सप्ताह का समय लग सकता है। जल संसाधन विभाग के मुताबिक अभी भी गंगा खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। कल मंगलवार शाम 6 बजे तक गंगा का जलस्तर गांधी घाट पर 53.28 मीटर, दीघा घाट पर 51.42 मीटर और कंकड़बाग में 49.15 मीटर जलस्तर दर्ज किया गया। इन तीनों स्थानों पर गंगा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है।

पटना-गया रेलखंड पर आज से ट्रेनों का परिचालन शुरू

इधर पुनपुन नदी में पानी घटने से पटना-गया रेलखंड पर यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिली है। दरअसल पुनपुन नदी में पानी का स्तर घटने के बाद आज से पटना-गया रेल खंड पर रद्द ट्रेनों का परिचालन शुरू हो गया है। बिहार में नदियों के उफान और रेल पुल तक पर का पानी पहुंचाने के बाद पटना गया रेलखंड पर कई ट्रेन को रद्द कर दिया गया था। रेलखंड पर कई ट्रेनों का परिचालन बाधित हुआ था। पुनपुन और परसा बाजार के बीच अब पानी का स्तर घट गया है। पहले इन लाइन पर परिचालन निलंबित कर दिया गया था, लेकिन अब पटना-गया रेल खंड पर ट्रेनों का परिचालन आज से शुरू कर दिया गया है। अब सभी मेमू और एक्सप्रेस ट्रेन का परिचालन हो गया है।

बाढ़ के पानी में डूबने से 10 की मौत

बिहार में बाढ़ के पानी में डूबने से अलग-अलग जिलों में 10 लोगों की मौत हो गई है। इनमें भोजपुर के चार, बेगूसराय और पटना के तीन-तीन लोग शामिल हैं। पटना के मोकामा में दो और फुलवारीशरीफ में एक व्यक्ति की डूबने से जान चली गई। भोजपुर के शाहपुर, टाउन थाना, चरपोखरी और अन्य इलाकों में भी डूबने से चार लोगों की मौत हुई है।

वहीं, बेगूसराय के बलिया इलाके में एक युवती और एक किशोरी की जान चली गई। हाजीपुर में गांधी सेतु के नीचे बाढ़ के पानी में एक नाव बोल्डर से टकराकर डूब गई। नाव पर 11 लोग सवार थे, जिनमें से नौ को सुरक्षित निकाल लिया गया, जबकि दो लापता लोगों में से एक का शव बरामद कर लिया गया है।

ये भी पढ़ें- Bihar Today Weather: बिहार के 16 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी, जानें IMD का ताजा अपडेट