Gandhi Jayanti: बिहार सरकार ने आज 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के मौके पर एक बड़ा फैसला लिया है। सीएम सम्राट की सरकार ने गांधी जयंती के अवसर पर राज्य के अलग-अलग जेलों में बंद 44 कैदियों को रिहा करने का फैसला लिया है। बता दें कि जिन 44 कैदियों को जेल से रिहा करने का फैसला लिया गया है, इसमें ज्यादातर ऐसे कैदी हैं, जो लंबे समय से सजा काट रहे हैं। वहीं, कुछ कैदी ऐसे भी हैं, जो उम्रदराज होने के साथ-साथ गंभीर बीमारियों से पीड़ित हैं।

सम्राट सरकार के इस फैसले को मानवता के आधार पर देखा जा रहा है। खास बात यह है कि गांधी जयंती के मौके पर कैदियों को सिर्फ जेल से रिहा ही नहीं किया जाएगा। बल्कि अपराध से पीड़ित परिवार के परिजनों को सरकार की ओर से आर्थिक सहायता भी प्रदान कराई जाएगी। सूत्रों के अनुसार करीब सरकार द्वारा 1,820 लाभार्थी परिवारों के बीच लगभग 3 करोड़ 86 लाख रुपये की राशि वितरित की जाएगी।

बता दें कि यह कोई पहला मौका नहीं है, जब गांधी जयंती के अवसर पर कैदियों को जेल से रिहा किया जा रहा है। इससे पहले भी बिहार में गांधी जयंती पर कैदियों को जेल से रिहा करने की परंपरा रही है। हालांकि इससे पहले साल 2018 में महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर 43 कैदियों को जेल से रिहा किया गया था। वहीं, अब 8 साल बाद एक बार फिर से इस मौके पर बिहार सरकार ने 44 कैदियों को रिहा करने फैसला लिया है।

सीएम सम्राट और तेजस्वी ने किया नमन

गौरतलब है कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती के अवसर पर पूरा देश उन्हें याद कर रहा है। इस मौके पर सीएम सम्राट चौधरी और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर नमन किया है। सीएम सम्राट ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। सत्य, अहिंसा और सत्याग्रह के उनके विचार आज भी पूरी मानवता को शांति, सद्भाव और प्रेम का संदेश देते हैं।

वहीं, तेजस्वी यादव ने एक्स पर बापू की तस्वीर को शेयर करते हुए लिखा कि, स्वतंत्रता संग्राम को जन आंदोलन का स्वरूप देकर सत्याग्रह के रास्ते ब्रिटिश साम्राज्य के भारत से पांव उखाड़, अपने जीवन से संयम, सादगी और आत्मनियंत्रण का समस्त मानव जाति को संदेश देने वाले सत्य और अहिंसा के सबसे बड़े उपासक राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी को उनकी जयंती पर नमन। अंतर्राष्ट्रीय अहिंसा दिवस की सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं।

ये भी पढ़ें- मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर आज से देशव्यापी प्रदर्शन, विपक्ष और छात्र संगठन उतरेंगे सड़कों पर