कुंदन कुमार/​पटना। वैश्विक पटल पर अपनी मेधा और तकनीकी दक्षता का लोहा मनवाने वाले बिहार के प्रवासी युवाओं के लिए अब एक नया अध्याय शुरू हो गया है। सूचना प्रावैधिकी विभाग के माननीय मंत्री श्री नीतीश मिश्रा ने पटना के टेक्नोलॉजी भवन में एक विशेष पोर्टल (state.bihar.gov.in/dit/CitizenHome.html और doit.bihar.gov.in) का उद्घाटन किया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य दुनिया के कोने-कोने में बसे बिहारी युवाओं को अपनी जन्मभूमि के विकास से जोड़ना है।

​जन्मभूमि के चेंज मेकर्स बनेंगे प्रवासी युवा

​इस पोर्टल के माध्यम से बिहार सरकार राज्य के बाहर रह रहे तकनीकी प्रतिभाओं को एक सशक्त मंच प्रदान कर रही है। मंत्री मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कुशल नेतृत्व में राज्य का वातावरण निवेश और विकास के लिए पूरी तरह अनुकूल है। उन्होंने जोर दिया कि राज्य के बाहर रह रहे युवाओं के मन में हमेशा अपनी मातृभूमि के लिए कुछ कर गुजरने की ललक रहती है। यह पोर्टल उन्हें अब ‘चेंज मेकर’, ‘वालिंटियर’ और ‘निवेशक’ की भूमिका निभाने का अवसर देगा।
​युवा इस डिजिटल माध्यम से सीधे तौर पर राज्य की प्रगति के लिए बहुमूल्य सुझाव दे सकेंगे, समस्याओं के समाधान में अपना तकनीकी योगदान दे सकेंगे और राज्य में स्टार्टअप शुरू करने या निवेश करने की इच्छा भी व्यक्त कर सकेंगे।

​पांच लाख करोड़ निवेश का महत्वाकांक्षी लक्ष्य

​विकास के आंकड़ों पर चर्चा करते हुए मंत्री मिश्रा ने बताया कि सरकार ने हाल ही में राज्य में निवेश के लिए 1 लाख 81 हजार करोड़ रुपए के एमओयू (MoU) साइन किए थे, जिसमें से 1 लाख करोड़ रुपए से अधिक की ग्राउंड ब्रेकिंग हो चुकी है। मुख्यमंत्री का स्पष्ट लक्ष्य है कि भविष्य में बिहार में कुल 5 लाख करोड़ रुपए के निवेश को आकर्षित किया जाए। उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द ही राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बिहार की एक नई और प्रगतिशील तस्वीर उभर कर सामने आएगी।