पटना। बिहार सरकार ने कारा प्रशासन में बड़ा प्रशासनिक बदलाव करते हुए राज्य के विभिन्न जेलों में तैनात 30 उपाधीक्षकों का तबादला कर दिया है। गृह विभाग (कारा) की ओर से इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी की गई है, जिसके बाद कई मंडल और उपकारा स्तर पर नई पदस्थापना की गई है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। जारी सूची के अनुसार वीणा कुमारी को पटना सिटी उपकारा का अधीक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं अरविंद कुमार-2 को बाढ़ उपकारा में नई जिम्मेदारी दी गई है। फुलवारीशरीफ शिविर मंडल कारा में पदस्थापित धीरज कुमार का तबादला बेतिया मंडल कारा कर दिया गया है, जबकि पटना सिटी मंडल कारा से अभिषेक कुमार सिंह को किशनगंज मंडल कारा भेजा गया है।

सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया है, ताकि जेलों के संचालन में पारदर्शिता और प्रभावशीलता बढ़ाई जा सके।

इसके अलावा केंद्रीय कारा बेऊर में भी तीन सहायक जेल अधीक्षकों की तैनाती की गई है। समस्तीपुर मंडल कारा से ज्योति कुमारी, मधुबनी मंडल कारा से राजीव रंजन तथा उपकारा शेरघाटी के सहायक अधीक्षक प्रियतम प्रियदर्शी को केंद्रीय कारा बेऊर, पटना में सहायक अधीक्षक के रूप में पदस्थापित किया गया है।

सूत्रों के अनुसार यह तबादला लंबे समय से लंबित प्रशासनिक समीक्षा और कार्यक्षमता को बेहतर बनाने की प्रक्रिया का हिस्सा है। सरकार का मानना है कि नए पदस्थापन से जेल व्यवस्था में सुधार आएगा और कार्यप्रणाली अधिक प्रभावी होगी।

गृह विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी अधिकारियों को नई जगह पर तत्काल योगदान देने का निर्देश दिया गया है। इस फेरबदल को कारा प्रशासन में सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे राज्य की जेल व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की उम्मीद है।