पटना। बिहार में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय होने लगा है। इसके असर से राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलेगी। मौसम विज्ञान केंद्र ने शनिवार को प्रदेश के 12 जिलों के लिए आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ बारिश और वज्रपात की आशंका जताई गई है।मौसम विभाग के अनुसार राज्य के 26 जिलों में शनिवार सुबह धूप निकलने के बावजूद मौसम सामान्य बना रहेगा। हालांकि अगले दो से तीन दिनों के दौरान मानसून पूरे बिहार में सक्रिय हो जाएगा, जिससे अधिकांश जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना है।
पिछले 24 घंटे के दौरान सीतामढ़ी, बगहा, समस्तीपुर, सीवान, गोपालगंज, भागलपुर और पटना के कुछ इलाकों में बारिश दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ ही बारिश का दायरा भी लगातार बढ़ेगा।

3 से 4 डिग्री तक गिरेगा तापमान

मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, 29 जून तक अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। लगातार बारिश के कारण लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलेगी तथा दिन का मौसम सुहावना रहेगा।

इन इलाकों में सबसे ज्यादा असर

मौसम विभाग के अनुसार, सीमांचल, कोसी और पूर्वी बिहार के जिलों में मानसून का प्रभाव सबसे अधिक देखने को मिलेगा। वहीं उत्तर बिहार के कई हिस्सों में भी मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र लगातार मजबूत हो रहा है, जिससे प्रदेश में नमी बढ़ रही है और बारिश की गतिविधियां तेज होंगी। अगले तीन से चार दिनों के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, जबकि पूर्वी और उत्तर-पूर्वी जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

पटना का जानें कैसे रहेगा मौसम

राजधानी में भी शनिवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने, हल्की बारिश और तेज हवा चलने के आसार हैं।