पटना। बिहार में बिगड़ती कानून-व्यवस्था और अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस ने सरकार की नींद उड़ा दी है। बीते 24 घंटों के भीतर राज्य में दो सनसनीखेज हत्याओं और पुलिस मुठभेड़ की घटनाओं के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कड़ा रुख अख्तियार किया है। पटना के अधिवेशन भवन में आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री सभी जिलों के डीएम (DM) और एसपी (SP) के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े हैं, जहां उन्होंने लॉ-एंड-ऑर्डर को लेकर बेहद सख्त निर्देश जारी किए हैं।
दरभंगा कांड: नगर परिषद में घुसकर मारी गोली, मुख्य आरोपी ढेर
अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि दरभंगा में नगर परिषद कार्यालय के भीतर घुसकर एग्जीक्यूटिव ऑफिसर और चेयरमैन पर गोलियां बरसाई गईं। इस दुस्साहिक हमले ने प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा दिया। हालांकि, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले के मुख्य आरोपी और डिप्टी चेयरमैन के पति रामधनी यादव को एक मुठभेड़ के दौरान ढेर कर दिया है। पुलिस का कहना है कि कानून को चुनौती देने वालों के साथ कोई नरमी नहीं बरती जाएगी।
सीवान में बीजेपी नेता के भांजे की हत्या
सीवान से भी एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां भाजपा नेता मनोज कुमार सिंह के भांजे हर्ष कुमार की सरेआम हत्या कर दी गई। कार साइड लगाने जैसे मामूली विवाद में अपराधी छोटू कुमार यादव ने अंधाधुंध फायरिंग की, जिसमें हर्ष की मौके पर ही मौत हो गई और उसके जीजा चंदन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी छोटू यादव के दोनों पैरों में गोली मारी और उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल उसे इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है।
समीक्षा बैठक: ‘जीरो टॉलरेंस’ पर मुख्यमंत्री का जोर
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए स्पष्ट कर दिया है कि अपराधी चाहे कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा। बैठक में उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे फील्ड पर मुस्तैदी बढ़ाएं और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखें। राज्य सरकार का संदेश साफ है: बिहार में ‘कानून का राज’ हर हाल में कायम रहेगा और अपराध करने वालों का हश्र दरभंगा और सीवान जैसा ही होगा।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

