कुंदन कुमार/पटना। बिहार विधान परिषद में बुधवार को एक गरिमापूर्ण समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें नवनिर्वाचित 10 सदस्यों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह ने सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाई। इस अवसर पर सदन के वरिष्ठ सदस्यों के साथ-साथ कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
पवन सिंह का संकल्प: बिहार के कलाकारों को मिलेगा बड़ा मंच
शपथ ग्रहण के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए प्रसिद्ध गायक और नवनिर्वाचित सदस्य पवन सिंह काफी उत्साहित नजर आए। उन्होंने अभिवादन के अंदाज में कहा, जय बिहार, जय भोजपुरिया!
पवन सिंह ने राजनीति में अपनी नई पारी को लेकर अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि वे स्वयं एक कलाकार हैं और उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता बिहार के उन कलाकारों को एक सशक्त मंच प्रदान करना है, जो अपनी प्रतिभा के बावजूद अवसरों की कमी से जूझ रहे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि बिहार में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, बस उन्हें सही दिशा और उचित प्लेटफार्म (मंच) देने की आवश्यकता है।
युवाओं के लिए नई उम्मीदें
पवन सिंह ने भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा करते हुए कहा, कला और संस्कृति के क्षेत्र में काम करना मेरा मुख्य उद्देश्य है। जो भी युवा आज कला के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाना चाहते हैं, उन्हें सही प्लेटफार्म उपलब्ध करवाना अब मेरी जिम्मेदारी है। मैं उनके लिए हर संभव प्रयास करूंगा ताकि वे अपनी कला के माध्यम से न केवल अपना, बल्कि बिहार का भी नाम रोशन कर सकें।
उन्होंने आगे कहा कि कलाकार होने के नाते वे बिहार की कलात्मक विरासत को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। सदन में अपनी भूमिका के माध्यम से वे कला-संस्कृति से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगे।
यह शपथ ग्रहण समारोह न केवल सदस्यों के लिए एक नई शुरुआत है, बल्कि बिहार के सांस्कृतिक गलियारों के लिए भी एक उम्मीद की किरण बनकर उभरा है। अब देखना यह है कि पवन सिंह और अन्य नवनिर्वाचित सदस्य अपने कार्यकाल के दौरान जनता और प्रदेश की उम्मीदों पर कितना खरा उतरते हैं।

