पंकज श्रीवास्तव/छपरा। बिहार में जारी पूर्ण शराबबंदी के बावजूद तस्कर अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। राज्य की सीमावर्ती इलाकों से होकर आए दिन शराब की बड़ी खेप बिहार में खपाई जा रही है। इसी क्रम में छपरा के मांझी थाना क्षेत्र स्थित बलिया मोड़ पर पुलिस और मद्य निषेध इकाई (पटना) की संयुक्त टीम ने शनिवार रात एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब से लदे एक कंटेनर को जब्त किया है।

​धान की भूसी की आड़ में तस्करी का बड़ा खेल

​पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश की ओर से एक कंटेनर में भारी मात्रा में विदेशी शराब बिहार लाई जा रही है। शनिवार की देर रात करीब 2:30 बजे पुलिस ने बलिया मोड़ के पास घेराबंदी की। जब कंटेनर की जांच की गई तो ऊपर से धान की भूसी की बोरियां लदी हुई थीं। लेकिन जब तलाशी ली गई तो भूसी के नीचे छिपाकर रखी गई अंग्रेजी शराब की 1,013 कार्टून बरामद की गई। जब्त की गई शराब की बाजार में अनुमानित कीमत करीब 80 लाख रुपये बताई जा रही है। इतनी भारी मात्रा में शराब बरामदगी से स्थानीय प्रशासन और आम लोग भी हैरान हैं।

​चालक गिरफ्तार, नेटवर्क की तलाश जारी

​इस मामले में पुलिस ने मौके से कंटेनर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान राजस्थान के बाड़मेर जिले के बिजराड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत शोभाला गांव निवासी फ्ताराम राम के पुत्र पुनमा राम के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया है कि यह शराब की खेप पंजाब से लोड की गई थी और इसे बिहार में डिलीवरी के लिए लाया जा रहा था। फिलहाल पुलिस ने जब्त शराब को मांझी थाना परिसर में सुरक्षित रखवा दिया है।

​आगे की कार्रवाई

​मांझी थाना पुलिस अब इस पूरे तस्करी नेटवर्क को खंगालने में जुटी है। पुलिस इस बात का पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस खेप का असली रिसीवर कौन था और बिहार के किन जिलों में इसे सप्लाई किया जाना था। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के आधार पर अन्य तस्करों की पहचान की जाएगी और जल्द ही इस गिरोह के सरगना तक पहुंचने की कोशिश की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा और सघन जांच बढ़ा दी गई है।