कुमार उत्तम, मुजफ्फरपुर। बिहार मिलिट्री पुलिस (BMP) का दायरा अब आधुनिक सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए तेजी से बदल रहा है। इसी क्रम में एडीजी नैय्यर हसनैन खान ने मुजफ्फरपुर स्थित बीएमपी-6 (BSAP-6) परिसर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने निरीक्षण करने के साथ ही आधुनिकीकरण और महिला जवानों के प्रशिक्षण को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
आधुनिकीकरण और आधुनिक हथियारों से लैस हो रहे जवान
बिहार मिलिट्री पुलिस (BMP) के एडीजी नैय्यर हसनैन खान ने निरीक्षण के बाद स्पष्ट किया कि बल को पूरी तरह आधुनिक बनाया जा रहा है। नई बहाली प्रक्रिया के बाद जवानों को नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (NSG), रैपिड एक्शन फोर्स (RAF), एंटी-टेररिस्ट स्क्वाड (ATS), एंटी-दंगा दस्ता और विशेष कमांडो ट्रेनिंग दिलाई जा रही है। इसके साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को अडिग बनाने के लिए अत्याधुनिक हथियारों की खरीद भी की जा रही है। वर्तमान में पूरे बिहार के महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों और ऐतिहासिक धरोहरों की सुरक्षा का जिम्मा बीएसएपी (BSAP) के पास है, जिसमें मुजफ्फरपुर और पूर्णिया एयरपोर्ट की सुरक्षा भी शामिल है।

मुजफ्फरपुर में अब सिर्फ महिला जवानों का होगा विशेष प्रशिक्षण
मुजफ्फरपुर बीएमपी परिसर में इस समय कुल 549 महिला जवान कठोर प्रशिक्षण ले रही हैं। एडीजी ने घोषणा की है कि अब मुजफ्फरपुर केंद्र पर केवल महिला जवानों को ही प्रशिक्षित किया जाएगा। दौरे के दौरान उन्होंने महिला प्रशिक्षुओं के साथ एक विशेष बैठक की, जिसमें उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। मौके पर मौजूद कमांडेंट और बीएमपी डीआईजी को तत्काल प्रभाव से उन समस्याओं का समाधान करने का निर्देश दिया गया। साथ ही, उन्होंने महिला जवानों को प्रशिक्षण अवधि के दौरान अनुशासन, रहन-सहन और कार्यशैली से जुड़े टिप्स भी दिए।
बैरक, मेस और शस्त्रागार का गहन निरीक्षण
दौरे के दौरान एडीजी नैय्यर हसनैन खान ने बीएमपी-6 के शस्त्रागार (आर्मीना), मेस, आवासीय बैरक और पूरे परिसर की साफ-सफाई का बारीकी से निरीक्षण किया। परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के बाद उन्होंने स्थानीय अधिकारियों को सुरक्षा, रख-रखाव और प्रशासनिक कामकाज में सुधार के लिए कई आवश्यक दिशा-निर्देश और सुझाव दिए। इस अवसर पर बीएमपी-6 के कमांडेंट और डीआईजी भी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
आधुनिक भवनों के निर्माण का प्रस्ताव
मुजफ्फरपुर बीएमपी इकाई के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए आधुनिक भवनों का निर्माण कराया जाएगा। एडीजी ने बताया कि पहले से भेजे गए प्रस्तावों में संशोधन कर नए और उन्नत प्रस्ताव तैयार किए जा रहे हैं, ताकि मुजफ्फरपुर बीएमपी परिसर में जल्द से जल्द अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस नई इमारतें तैयार हो सकें।



