कुंदन कुमार, पटना। बिहार सरकार के मंत्री दिलीप जायसवाल ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने विपक्ष पर देश में जानबूझकर अराजकता फैलाने, संविधान और अदालती फैसलों की अनदेखी करने का गंभीर आरोप लगाया है। पटना में एक बयान के दौरान उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि जिन लोगों को जनता ने नकार दिया है और सत्ता से दूर कर दिया है, वे आज अपनी राजनीतिक जमीन बचाने के लिए लंपटई पर उतर आए हैं।
भ्रम फैलाने का आरोप
मंत्री जायसवाल ने दावा किया कि देश को अस्थिर करने के लिए विदेशी फंड का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के लोग इंस्टाग्राम, फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए लगातार झूठी अफवाहें और भ्रम फैला रहे हैं। जनता इनकी चालों को बहुत अच्छी तरह समझ रही है। बिना किसी ठोस मुद्दे और प्रमाण के जनता को बरगलाने की यह कोशिश अब ज्यादा दिन नहीं टिकेगी।
वोटर लिस्ट और SSR पर दिया स्पष्टीकरण
वोटर लिस्ट से नाम हटाए जाने के विवाद पर बोलते हुए मंत्री ने स्पष्ट किया कि स्पेशल समरी रिवीजन (SSR) प्रक्रिया पूरी तरह कानूनी और पारदर्शी तरीके से हुई है।
- सूची से केवल उन्हीं लोगों के नाम हटाए गए हैं जो इस दुनिया में नहीं रहे हैं।
- उन लोगों के नाम भी हटाए गए जो स्थायी रूप से अन्य स्थानों पर जाकर बस चुके हैं।
- जिन मतदाताओं के नाम दो अलग-अलग जगहों पर दर्ज थे, उन्हें नियमों के तहत हटाया गया है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि यह पूरी प्रक्रिया अदालत और कानूनी प्रावधानों के दायरे में रहकर पूरी की गई है, फिर भी विपक्ष बिना किसी सबूत के इस पर राजनीतिक ड्रामा कर रहा है।
कॉकरोच वाले बयान पर गरमाई राजनीति
मंत्री ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि जब बिहार और देश की जनता इन लोगों के खिलाफ जाग जाएगी, तो ये सभी नेता ‘कॉकरोच’ की तरह छिपने के लिए जगह ढूंढते नजर आएंगे। जनता सब देख रही है और समय आने पर इनसे एक-एक सवाल का हिसाब जरूर लेगी।

