कुंदन कुमार, पटना। विधान परिषद की 8 सीटों पर हो रहे उपचुनाव के लिए मतदान हो रहा है। इस चुनाव में राजनीतिक दलों के साथ-साथ कई दिग्गजों की साख दांव पर लगी हुई है, जिससे यह मुकाबला बेहद रोमांचक हो गया है। चुनाव आयोग द्वारा तय किए गए नियमों और सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के बीच मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।

मतदान की मुख्य स्थिति और चुनावी मैदान

राज्य की कुल 8 सीटों जिनमें 4 स्नातक निर्वाचन क्षेत्र और 4 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं के लिए चुनाव हो रहा है। इन सीटों पर अपनी किस्मत आजमाने के लिए कुल 150 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, शाम 4 बजे तक कुल 5,32,847 मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करना है। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं में उत्साह देखा जा रहा है।

दिखा हाई-वोल्टेज मुकाबला

पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का मुकाबला इस चुनाव का सबसे बड़ा आकर्षण बन गया है, जहां बाहुबली नेता अनंत सिंह और जदयू उम्मीदवार नीरज कुमार के बीच राजनीतिक टकराव देखने को मिल रहा है। मतदान के दौरान अनंत सिंह ने अपने अंदाज में तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह रसगुल्ले वाला चुनाव नहीं है। उन्होंने अपनी जीत का दावा करते हुए कहा कि जनता ही असली मालिक है और वही सही फैसला करेगी। दूसरी ओर, जदयू उम्मीदवार नीरज कुमार ने पटना से मोकामा की ओर प्रस्थान किया। घर से निकलते ही उन्होंने मीडिया के सामने ‘विक्ट्री साइन’ (जीत का निशान) दिखाया। मोकामा में मतदान करने के बाद उन्होंने हुंकार भरते हुए कहा, मैं अड़ने वाला हूं, गिरने वाला नहीं।

आचार संहिता उल्लंघन का क्या मामला

चुनावी सरगर्मी के बीच कुछेक जगहों पर तनाव और नियमों के उल्लंघन के मामले भी सामने आए हैं जिसमें सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जनसुराज समर्थित प्रत्याशी आफाक अहमद पर आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है। मोकामा क्षेत्र में अनंत सिंह और नीरज कुमार के समर्थकों के बीच मामूली धक्का-मुक्की की खबर आई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को हिरासत में ले लिया है। इसके अलावा, पटना में जदयू से निष्कासित और अनंत सिंह के करीबी समर्थक छोटू सिंह को भी पुलिस द्वारा एहतियातन डिटेन किए जाने की सूचना है।

एनडीए नेताओं के जीत के दावे

सत्ता पक्ष और एनडीए खेमे में जीत को लेकर पूरा आत्मविश्वास नजर आ रहा है। बिहार विधान परिषद की मुख्य सचेतक और एमएलसी रीना यादव ने नालंदा में अपना वोट डाला। मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने विश्वास जताया कि जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार रिकॉर्ड तोड़ मतों से जीत हासिल करेंगे और चौथी बार विधान परिषद पहुंचेंगे। बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से एनडीए समर्थित प्रत्याशी सर्वेश कुमार और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से एनडीए प्रत्याशी डॉ. घनश्याम राय की भारी मतों से जीत का पुरजोर दावा किया है।