कुंदन कुमार, पटना। एक तरफ बिहार विधानपरिषद की 8 सीटों पर मतदान जारी है। वहीं, दूसरी तरफ वोटिंग के बीच मोकामा से जदयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह के आवास पर अभी से ही जीत का जश्न मनाया जा रहा है। अनंत सिंह के समर्थक आवास पर एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और पटाखे जलाकर जश्न मना रहे हैं। गौरतलब है कि अनंत सिंह पटना स्नातक सीट पर जनसुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह का समर्थन कर रहे हैं। हालांकि मतदान के बीच जीत का जश्न मनाना यह उनके आत्मविश्वास को दर्शाता है। चुनावी परिणाम 27 अक्टूबर को सामने आएंगे।

हिरासत में लिए गए छोटू सिंह से की बातचीत

एक तरफ जहां, अनंत सिंह के समर्थक परिणाम आने से पहले ही जीत का जश्न मना रहे हैं। वहीं, एसटीएफ और सेल की टीम ने मोकामा विधायक के समर्थक छोटू सिंह को हिरासत में लिया है। पटना पुलिस की टीम ने जक्कनपुर थाना क्षेत्र के करबिगहिया इलाके से उन्हें हिरासत में लिया है। यह कार्रवाई शांति व्यवस्था भंग करने और विधि-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न करने के मामले में की गई है। फिलहाल उन्हें जक्कनपुर थाने में रखा गया है। इस बीच अनंत सिंह ने थाने के अंदर ही छोटू सिंह से वीडियो कॉल पर बातचीत की, जिसके बाद से सियासी हलचल तेज हो गई है।

सारण की शिक्षक सीट पर सबसे अधिक मतदान

दोपहर 12 बजे तक अलग-अलग निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान का प्रतिशत सामने आया है। चुनाव आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की चार सीटों पर कुल 12.88 प्रतिशत मतदान हुआ है। वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की चार सीटों पर कुल 30.19 प्रतिशत मतदान हुआ है।

कोसी स्नातक सीट पर सबसे अधिक 17.94 प्रतिशत, पटना में 15.02 प्रतिशत, दरभंगा में 13 प्रतिशत और तिरहुत में सबसे कम 5.55 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई है। इसमें सारण शिक्षक सीट पर सबसे अधिक 42.55 प्रतिशत, दरभंगा में 37.50 प्रतिशत, पटना में 30.06 प्रतिशत और तिरहुत में सबसे कम 10.64 प्रतिशत मतदान हुआ है। आंकड़ों के अनुसार, दोपहर 12 बजे तक शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की तुलना में अधिक मतदान दर्ज किया गया है।

शाम 4 बजे तक होगी वोटिंग

बिहार एमएलसी चुनाव के लिए मतदाता आज शाम 4 बजे तक अपने बूथ केंद्र पर जाकर मतदान कर सकेंगे। वोटिंग बैलेट पेपर (मतपत्र) के जरिए कराई जाएगी, जबकि वोटों की गिनती 27 अक्टूबर को होगी। ​इस चुनाव में कुल 5,32,847 मतदाता 150 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। सुचारू और शांतिपूर्ण मतदान के लिए निर्वाचन क्षेत्रों में 993 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। एमएलसी चुनाव में एनडीए, महागठबंधन और जन सुराज के बीच मुख्य रूप से त्रिकोणीय मुकाबला माना जा रहा है।

ये भी पढ़ें- ‘राहुल गांधी ने कांग्रेस का बेड़ा गर्क कर दिया’, MLC चुनाव के बीच जदयू नेता का बड़ा बयान