कुंदन कुमार, पटना। बिहार विधान परिषद की आठ शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की सीटों पर होने वाले चुनावों को लेकर प्रदेश का सियासी पारा हाई है। इस बीच बीजेपी ने आज मंगलवार (29 सितंबर) को अपने चार उम्मीदवारों का आधिकारिक रूप से ऐलान कर दिया है। भाजपा ने पटना शिक्षक से नवल किशोर यादव, तिरहुत शिक्षक से नरेंद्र प्रसाद सिंह, दरभंगा स्नातक से सर्वेश कुमार और कोशी स्नातक से डॉ एन. के को अपना उम्मीदवार बनाया है।

जदयू ने भी 4 सीटों पर उतारे हैं उम्मीदवार

बता दें कि बिहार की 8 एमएलसी सीटों पर होने वाले चुनाव में से जदयू और बीजेपी साथ में 4-4 सीटों पर चुनाव लड़ रही हैं। भाजपा ने जहां आज अपने उम्मीदवारों का ऐलान किया है। वहीं, जदयू पहले ही अपने सभी चार सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान कर चुकी है। जदयू की ओर से जारी सूची में पार्टी ने अनुभवी नेताओं के साथ-साथ नए चेहरों पर भी भरोसा जताया है। जदयू ने ​पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से नीरज कुमार, ​तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से अभिषेक झा, ​सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से आनंद पुष्कर और ​दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से घनश्याम राय को टिकट दिया है।

​राजद ने 6 सीटों पर उतारें हैं उम्मीदवार

वहीं, बिहार एमएलसी चुनाव के लिए राजद ने 6 उम्मीदवारों का ऐलान किया है। राजद की ओर से पटना शिक्षक क्षेत्र से डॉ. संजीव कुमार सिंह, पटना स्नातक से दिलीप कुमार, कोशी स्नातक से नितेश कुमार, दरभंगा स्नातक से अनिल कुमार झा, सारण शिक्षक से प्रो. जयराम यादव और तिरहुत स्नातक से डॉ. रश्मि विनायक गौतम को उम्मीदवार बनाया गया है।

जन सुराज ने सभी 8 सीटों पर उतारे हैं उम्मीदवार

उधर बांकीपुर उपचुनाव में मिली जीत से उत्साहित जन सुराज ने भी सभी 8 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार दिए हैं। जन सुराज ने बिहार एमएलसी चुनाव के लिए पटना स्नातक से डॉ. अनुज सिंह, तिरहुत स्नातक से डॉ विमोहन और तिरहुत शिक्षक से डॉ भूषण झा को अपना उम्मीदवार बनाया है।

वहीं, दरभंगा शिक्षक सीट से एसपी राय, दरभंगा स्नातक सीट से रवींद्र यादव और सारण शिक्षक सीट से अफाक अहमद को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, पटना शिक्षक सीट से दिव्या ज्योति और कोसी स्नातक से रजनीश रंजन को उम्मीदवार बनाया है।

ये भी पढ़ें- BPSC TRE-4 अभ्यर्थियों के लिए खुशखबरी, 932 शिक्षक पद बढ़े, विभाग ने जारी किया नोटिफिकेशन