कुंदन कुमार, पटना। बिहार में शिक्षक बहाली की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी और अच्छी खबर सामने आई है। दरअसल बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने TRE-4 के तहत होने वाली शिक्षक भर्ती में 932 पद बढ़ा दिए हैं। आयोग ने आज मंगलवार (29, सितंबर) को इसका नोटिफिकेशन जारी कर दिया है, जिसके तहत अब चौथे चरण में कुल 33,320 पदों पर शिक्षकों की बहाली होगी। पहले 32,388 पदों पर नियुक्ति होनी थी। बढ़ाए गए पदों में माध्यमिक शिक्षकों के 493 और उच्च माध्यमिक शिक्षकों के 439 पद शामिल हैं।

22 सितंबर को जारी हुआ था नया विज्ञापन

बता दें कि इससे पहले बीपीएससी ने 22 सितंबर को TRE-4 शिक्षक भर्ती के लिए आवेदन की नई तारीख घोषित की थी, जिसके तहत चौथे चरण की शिक्षक भर्ती में उस समय कुल 32,388 पदों के लिए विज्ञापन जारी किया गया था। वहीं, 25 सितंबर 2026 से ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू होने की बात कही गई थी। अभ्यर्थियों को फॉर्म भरने के लिए 1 महीने का समय (26, अक्टूबर, 2026) मिला है। वहीं, फीस जमा करने की आखिरी तारीख 25 अक्टूबर 2026 है।

जानें किस वर्ग के लिए कितने पदों पर भर्ती?

TRE-4 के तहत कक्षा 1 से लकर कक्षा 5 तक के लिए कुल 38,47 पदों पर भर्ती होगी।
कक्षा 6 से कक्षा 8 तक के लिए 8,563 पदों पर भर्ती होगी।
कक्षा 9 से कक्षा 10 के लिए कुल 4,370 पदों पर भर्ती होना है।
कक्षा 11 और 12 के लिए 16,540 पदों पर भर्ती होगी।

रद्द करना पड़ा था पुराना विज्ञापन

गौरतलब है कि इससे पहले बीपीएससी ने 18 अगस्त को ही TRE-4 को लेकर विज्ञापन जारी कर दिया था, जिसके तहत यह बताया गया था कि अभ्यर्थी टीआरई-4 शिक्षक भर्ती के लिए 1 सितंबर 2026 से ऑनलाइन आवेदन फॉर्म भर सकेंगे। हालांकि 18 अगस्त से ही एकल परीक्षा समेत कई मांगों को लेकर विभिन्न संगठनों के छात्रों ने अनिश्चितकालिन धरना प्रदर्शन किया था। TRE-4 को लेकर विज्ञापन जारी होने के बाद भी उनका प्रदर्शन जारी रहा। बाद में सरकार ने छात्रों की एकल परीक्षा की मांग समेत 9 अन्य मांगों को स्वीकार कर लिया। ऐसे में इस अहम बदलाव के चलते बीपीएससी को पुराना विज्ञापन रद्द करना पड़ा। वहीं, अब इसमें 932 पद भी बढ़ा दिए गए हैं।

ये भी पढ़ें- पटना में परिचारी अभ्यर्थियों का हल्लाबोल, CM आवास का घेराव करने निकले अभ्यर्थी, पुलिस ने रोका