कुंदन कुमार, पटना। राजधानी पटना में आज मंगलवार (29, सितंबर) को बिहार परिचारी संघ के अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर सड़क पर उतरे। इस दौरान गांधी मैदान में एक बार फिर आंदोलनकारियों का जमावड़ा देखने को मिला। बिहार कार्यालय परिचारी (विशिष्ट) समूह-‘घ’ के अभ्यर्थियों ने गांधी मैदान के गेट नंबर-10 से मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के लिए आगे बढ़ना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने जेपी गोलंबर के पास बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया।

दंगा नियंत्रण बल और वाटर कैनन तैनात

मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। दंगा नियंत्रण बल के साथ वाटर कैनन भी तैनात हैं। परिचारी संघ की मांग है कि लंबित नियुक्ति प्रक्रिया को जल्द पूरा किया जाए। गांधी मैदान में जुटे परिचारी संघ के अभ्यर्थियों के हाथों में तिरंगा और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। पिछले करीब एक महीने से नियुक्ति की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्होंने 2023 में फॉर्म भरा था और 2024 में परीक्षा भी दी… लेकिन अब तक नियुक्ति नहीं हुई है।

सीएम आवास जाना चाहते हैं अभ्यर्थी

प्रदर्शन में शामिल परिचारी संघ कर्मचारी ने कहा कि, हम मुख्यमंत्री आवास तक जाना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने जेपी गोलंबर पर ही रोक दिया। परिचारी संघ के मुताबिक करीब 9,799 पदों पर नियुक्ति का मामला लंबित है। प्रदर्शनकारियों की सीधी मांग है कि जल्द से जल्द नियुक्ति दी जाए। आंदोलनकारियों का कहना है कि लंबे समय से इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के सामने अब गंभीर आर्थिक और मानसिक दबाव की स्थिति है।

प्रदर्शन के दौरान कुछ अभ्यर्थी आमरण अनशन पर भी बैठे हैं। प्रदर्शनकारियों के मुताबिक अनशन पर बैठे कुछ लोगों की तबीयत बिगड़ रही है। उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें फोल्डिंग पर लेटाकर प्रदर्शन स्थल से लाया गया। इस दौरान गांधी मैदान से लेकर जेपी गोलंबर तक आज परिचारी संघ के अभ्यर्थियों का आंदोलन देखने को मिला।

जिलावार नियुक्ति की मांग

परिचारी अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि बिहार कर्मचारी चयन आयोग, पटना और राज्य के संबंधित 28 जिलों के जिला पदाधिकारियों को आवश्यक स्पष्ट आदेश-निर्देश जारी किया जाए। इसके माध्यम से शेष 9,719 योग्य अभ्यर्थियों की अनुशंसा कर जिलावार नियुक्ति प्रक्रिया जल्द पूरी करने की मांग की गई है।

फिलहाल जेपी गोलंबर के पास पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच गतिरोध बना हुआ है। मौके पर भारी पुलिस बल और वाटर कैनन की तैनाती की गई है। वहीं, परिचारी संघ के अभ्यर्थी अपनी मांग पर अड़े हैं और सरकार से जल्द नियुक्ति की मांग कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें- ‘हर घटना पर फौरन कार्रवाई’, अपराध पर बुलो मंडल का विपक्ष को जवाब, UP में चुनाव लड़ने पर कही ये बात