पटना। बिहार विधान परिषद के शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की आठ सीटों पर होने वाले चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इसी क्रम में महागठबंधन के भीतर सीट शेयरिंग को लेकर असहमति साफ नजर आ रही है। कांग्रेस ने अपने सभी पांच घोषित उम्मीदवारों के साथ मैदान में उतरते हुए आज अपना नामांकन दाखिल किया। हालांकि, दिलचस्प बात यह है कि कुल पांच सीटों पर कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के उम्मीदवार आमने-सामने आ गए हैं, जिसे राजद भले ही ‘फ्रेंडली फाइट’ मान रहा हो, लेकिन कांग्रेस इसे सीधी टक्कर बता रही है।
पटना में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन और रैलियां
पटना के दोनों प्रमुख निर्वाचन क्षेत्रों से कांग्रेस प्रत्याशियों ने आज अपने समर्थकों के साथ जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार असद उल्लाह खान और पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से प्रत्याशी डॉ. संजय यादव ने रैली निकालकर अपना पर्चा दाखिल किया।
- पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र: डॉ. संजय यादव ने सुबह 11:30 बजे पटना स्थित गांधी मैदान में गांधी मूर्ति के समीप आयोजित एक सभा के बाद नामांकन दाखिल किया।
- पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र: प्रत्याशी असद उल्लाह खान ने दोपहर 12 बजे इनकम टैक्स चौराहा से गांधी मैदान गेट नंबर 1 तक एक विशाल जनयात्रा निकाली और इसके बाद नामांकन प्रक्रिया पूरी की।
दरभंगा और अन्य सीटों पर आमने-सामने की स्थिति
दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सीटिंग एमएलसी डॉ. मदन मोहन झा ने भी आज अपना पर्चा भरा। लहेरियासराय (दरभंगा) स्थित आयुक्त कार्यालय जाने से पहले उषा सदन में उनके समर्थकों की एक बड़ी सभा आयोजित की गई। इस सीट पर मुकाबला रोचक हो गया है क्योंकि राजद ने पहले अपने प्रत्याशी के अलावा यहां कुमर राय को भी मैदान में उतार दिया है।
राजद और कांग्रेस के बीच पांच सीटों पर टकराव
बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर राजद ने पहले ही अपने 6 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी थी। राजद की सूची में पटना शिक्षक से डॉ. संजीव कुमार सिंह, पटना स्नातक से दिलीप कुमार, कोसी स्नातक से नितेश कुमार और दरभंगा स्नातक से अनिल कुमार झा के नाम शामिल हैं। इसके अलावा सारण शिक्षक से प्रो. जयराम यादव और तिरहुत स्नातक से डॉ. रश्मि विनायक गौतम को भी उम्मीदवार बनाया गया है।
परिणामस्वरूप, पटना शिक्षक, पटना स्नातक, कोसी स्नातक, दरभंगा शिक्षक और दरभंगा स्नातक सीटों पर कांग्रेस और राजद आमने-सामने आ गए हैं। हालांकि राजद खेमे में इसे दो दलों के बीच दोस्ताना मुकाबला कहा जा रहा है, वहीं कांग्रेस का स्पष्टतयः यह कहना है कि यह कोई फ्रेंडली फाइट नहीं है बल्कि वे पूरी ताकत से सीधी टक्कर में हैं।

