कुंदन कुमार, पटना। बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर मतदान जारी है। इस बीच पटना स्नातक सीट से जदयू के मौजूदा MLC और प्रत्याशी नीरज कुमार सुबह-सुबह मोकामा के परशुराम स्थान (धाम) पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा अर्चना कर जीत का आशीर्वाद मांगा। इसके बाद मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने एमएलसी चुनाव में पटना स्नातक सीट से अपनी जीत का दावा किया।
मैं अड़ने वाला, गिरने वाला नहीं- नीरज कुमार
नीरज कुमार ने कहा कि, वे एनडीए समर्थित जदयू उम्मीदवार के रूप में चौथी बार स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव मैदान में हैं। विरोधियों के तमाम राजनीतिक आक्रमणों के बावजूद वह न तो घबराते हैं और न ही किसी को डराते हैं। उन्होंने कहा कि उनका कहना है कि वे अड़ने वाले हैं, गिरने वाले नहीं हैं।
खुद को परशुराम वंशी बताते हुए नीरज कुमार ने कहा कि, उन्हें समाज के सभी तबकों का विश्वास प्राप्त है। मतदाताओं, गुरुजनों, पूर्वजों और माता-पिता के स्नेह और आशीर्वाद के कारण उन्हें पूरी आश्वस्तता है कि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं है।
अनंत सिंह कर रहे हैं विरोध
गौरतलब है कि 8 सीटों पर हो रहे चुनाव में सबसे अधिक चर्चा पटना स्नातक की सीट को लेकर ही है। यहां से जदयू के बाहुबली विधायक अनंत सिहं पार्टी प्रत्याशी नीरज कुमार के खिलाफ विरोध में खड़े हैं। इस सीट पर वह जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह का समर्थन कर रहे हैं।
जदयू और जनसुराज के कार्यकर्ता भिड़े
मोकामा क्षेत्र में आज सुबह मतदान के दौरान जदयू और जन सुराज के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। दोनों दलों के नेता व कार्यकर्ता एक-दूसरे पर चुनाव को प्रभावित करने का आरोप लगा रहे हैं। हंगामे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे एसडीपीओ रामकृष्ण ने दोनों दलों के कार्यकर्ताओं को समझा-बुझाकर मामले को शांत कराने का प्रयास किया। हंगामे के दौरान कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।
सारण शिक्षक सीट पर सबसे अधिक मतदान
बिहार विधान परिषद चुनाव में सुबह 10 बजे तक अलग-अलग निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान का प्रतिशत सामने आया है। तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 4.81% और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 5.88% मतदान हुआ है। वहीं, दरभंगा स्नातक सीट पर 8% और शिक्षक सीट पर 12% मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 5.5% और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 12.88% मतदान दर्ज किया गया। इसके अलावा, कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 5.14% और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 13.56% मतदान हुआ है। ये आंकड़े सुबह 10 बजे तक के हैं।
ये भी पढ़ें- Bihar MLC Elections: सारण शिक्षक MLC सीट से जनसुराज प्रत्याशी अफाक अहमद के खिलाफ FIR

