पंकज श्रीवास्तव, सारण। बिहार विधान परिषद चुनाव के बीच सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी अफाक अहमद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। यह प्राथमिकी गुरुवार (22 अक्टूबर) की देर रात छपरा के नगर थाने में दर्ज कराई गई। कार्यपालक दंडाधिकारी, सदर छपरा रविकान्त सिंह ने इस संबंध में थानाध्यक्ष को आवेदन दिया था।
मिली जानकारी के अनुसार, जन सुराज पार्टी के आधिकारिक एक्स (X) हैंडल पर एक पोस्ट जारी की गई थी। आरोप है कि इस पोस्ट में अफाक अहमद के नाम से संबंधित सामग्री के जरिए सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के शिक्षकों को सातवां वेतनमान दिलाने और उन्हें भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की गई थी। इसी मामले को आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन मानते हुए शिकायत की गई।
कार्यपालक दंडाधिकारी रविकान्त सिंह ने नगर थाने के थानाध्यक्ष से मामले में संबंधित कानूनी धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया था। फिलहाल, इस मामले में आगे की कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है।
सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए इस बार के एमएलसी चुनाव में कुल 18 प्रत्याशी मैदान में हैं। एनडीए की तरफ से जदयू ने पूर्व विधान पार्षद दिवंगत केदारनाथ पांडे के पुत्र आनंद पुष्कर को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, जन सुराज की ओर से डॉ. अफाक अहमद मैदान में हैं। अफाक अहमद मौजूदा समय में भी विधान पार्षद हैं। पिछली बार हुए उपचुनाव में उन्होंने जीत हासिल की थी। राजद ने यहां से प्रो. जयराम यादव को अपना प्रत्याशी बनाया है।
ये भी पढ़ें- Bihar MLC Elections: मोकामा में जदयू और जनसुराज के कार्यकर्ता आपस में भिड़े, 8 सीटों पर मतदान जारी

