Bihar MLC Elections Voting: ​बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए 8 सीटों पर सुबह 8 बजे से मतदान जारी है। इस बीच मोकामा क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां जदयू और जन सुराज के कार्यकर्ता आपस में भीड़ गए। दोनों दलों के नेता व कार्यकर्ता एक-दूसरे पर चुनाव को प्रभावित करने का आरोप लगा रहे हैं। हंगामे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे एसडीपीओ रामकृष्ण ने दोनों दलों के कार्यकर्ताओं को समझा-बुझाकर मामले को शांत कराने का प्रयास किया। हंगामे के दौरान कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।

जदयू प्रत्याशी अभिषेक झा ने किया जीत का दावा

तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से एनडीए प्रत्याशी और जदयू प्रवक्ता अभिषेक झा अपने बूथ केंद्र पर जाकर मतदान किया। वोटिंग के बाद मतदान केंद्र के बाहर मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने अपनी जीत का दावा किया। साथ ही उन्होंने मतदाताओं से वोट करने की अपील की। अभिषेक झा ने कहा कि बिहार, खासकर तिरहुत में इस बार बदलाव होने वाला है। उन्होंने मतदाताओं से लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की और सभी 8 सीटों पर एनडीए की जीत होने की बात कही।

अनंत सिंह ने अनुज सिंह के जीत का किया दावा

जारी मतदान के बीच मोकामा से जदयू विधायक अनंत सिंह ने बार फिर से जन सुराज के प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह की जीत का दावा किया है। उन्होंने कहा कि, जनता मालिक है। वह सब जानती है कि किसे वोट देना है? साथ ही उन्होंने यह दावा किया कि इस चुनाव में जनता उनके प्रत्याशी डॉ. अनुज कुमार को चुनने जा रही है। गौरतलब है कि अनंत सिंह पटना स्नातक सीट पर अपनी ही पार्टी के प्रत्याशी नीरज कुमार का विरोध कर रहे हैं।

शाम 4 बजे तक होगी वोटिंग

बिहार एमएलसी चुनाव के लिए मतदाता आज शाम 4 बजे तक अपने बूथ केंद्र पर जाकर मतदान कर सकेंगे। वोटिंग बैलेट पेपर (मतपत्र) के जरिए कराई जाएगी, जबकि वोटों की गिनती 27 अक्टूबर को होगी। ​इस चुनाव में कुल 5,32,847 मतदाता 150 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। सुचारू और शांतिपूर्ण मतदान के लिए निर्वाचन क्षेत्रों में 993 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। एमएलसी चुनाव में एनडीए, महागठबंधन और जन सुराज के बीच मुख्य रूप से त्रिकोणीय मुकाबला माना जा रहा है।

ये भी पढ़ें- Bihar MLC Elections: सारण शिक्षक MLC सीट के लिए मोतिहारी में वोटिंग जारी, सुरक्षा के कड़े इंतजाम