कुंदन कुमार, पटना। बिहार विधान परिषद (MLC) की 8 सीटों पर हुए चुनाव का आज परिणाम सामने आएगा। सुबह 8 बजे से मतगणना का दौर जारी है। इस बीच पटना स्नातक क्षेत्र से जन सुराज के उम्मीदवार अनुज सिंह ने अपनी जीत का दावा किया है। अनुज सिहं ने कहा है कि, कोई कितना भी पूजा-पाठ कर ले। कोई फायदा नहीं होने वाला है। जीत हमारी ही होगी।

जन सुराज प्रत्याशी ने कहा कि, अभी काउंटिंग शुरू नहीं हुई है। बंडल बनाने में समय लगता है। इस दौरान उन्होंने किसी भी गड़बड़ी से इंकार किया और कहा कि मतगणना केंद्र के हाल में एक भी सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है। हम लोग मुस्तैद होकर मतगणना केंद्र पर हैं और जब तक मतगणना पूरी नहीं होती है। तब तक हम लोग डटे रहेंगे।

बेवजह का हंगामा कर रहा विपक्ष- नवल किशोर यादव

वहीं, पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के उम्मीदवार नवल किशोर यादव की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। विपक्ष द्वारा मतगणना केंद्र के हाल के अंदर सीसीटीवी लगाने के मामले को उठाने पर उन्होंने कहा कि, विपक्ष को आरपी एक्ट का पता ही नहीं है। चुनाव आयोग अपने हिसाब से काम कर रहा है और मतदान मतगणना केंद्र में हाल के अंदर काउंटिंग होती है। वहां सीसीटीवी नहीं लगाया जाता है। वीडियो रिकॉर्डिंग की जाती है।

नवल किशोर यादव ने कहा कि, अगर सीसीटीवी लगा दिया जाएगा तो पता चल जाएगा किसने किसको वोट किया है। क्योंकि बैलेट पेपर से वोटिंग हुआ है। इसीलिए विपक्ष बेवजह की बयान बाजी और हंगामा कर रहा है। चुनाव आयोग अपने अनुसार काउंटिंग करवा रहा है और इसमें कहीं भी विपक्ष को गलत बयानी नहीं करनी चाहिए।

इन 8 सीटों पर हुआ था चुनाव

गौरतलब है कि बिहार विधान परिषद (MLC) की 8 सीटों के लिए (23 अक्टूबर) को मतदान हुआ था, जिसका परिणाम आज मंगलवार (27, अक्टूबर) को सामने आएगा। एमएलसी की जीन 8 सीटों पर चुनाव हुआ था, उनमें चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीटें शामिल हैं। स्नातक सीटों में दरभंगा, कोसी, पटना और तिरहुत शामिल हैं। जबकि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीटें पटना, सारण, तिरहुत और दरभंगा की हैं। 8 सीटों के लिए कुल 150 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनके भाग्य का आज फैसला होना है।

ये भी पढ़ें- Bihar MLC Results: 8 सीटों पर महामुकाबले का दिन, तिरहुत सीट पर कांटे की टक्कर में NDA उम्मीदवार ने बनाई बढ़त