Bihar MLC Results 2026: बिहार में MLC चुनाव 2026 के परिणाम धीरे-धीरे सामने आने शुरू हो गए हैं। तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से एनडीए उम्मीदवार ने जीत हासिल की है। सीट से बीजेपी के नरेंद्र प्रसाद सिंह ने 2945 मत पाकर विजय प्राप्त की। इसके साथ ही एमएलसी चुनाव में एनडीए का खाता खुल गया है। वहीं, दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज के डॉ. सुरेश राय को जीत मिली है। बाकी सीटों के परिणाम के लिए मतगणना जारी है।

विधान परिषद की सभी 8 सीटों का हाल

स्नातक कोटे की सीटें

दरभंगा- बीजेपी के सर्वेश कुमार (आगे)
पटना- राजद के दिलीप पटेल (आगे)
तिरहुत- निर्दलीय के ब्रजवासी (आगे)
कोसी- बीजेपी एनके यादव (आगे)

शिक्षक कोटे की सीटें

पटना- बीजेपी के नवल किशोर (आगे)
सारण- निर्दलीय डॉ. राहुल राज (जीत)
दरभंगा- जनसुराज के सुरेश प्रसाद राय (जीत)
तिरहुत- बीजेपी के नरेंद्र सिंह (जीत)

(नोट – यह आकड़े 27 अक्टूबर की रात 11 बजे तक के हैं)

तिरहुत शिक्षक सीट से बीजेपी की जीत

तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से एनडीए उम्मीदवार ने जीत हासिल की है। सीट से बीजेपी के नरेंद्र प्रसाद सिंह ने 2945 मत पाकर विजय प्राप्त की। इसके साथ ही एमएलसी चुनाव में एनडीए का खाता खुल गया है। तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से 2351 मत पाकर निर्दलीय भूषण झा दूसरे नंबर पर रहे। वहीं, सीपीआई के संजय सिंह को 1967 मत प्राप्त हुए हैं। नरेंद्र प्रसाद सिंह की जीत के बाद उनके समर्थक और एनडीए कार्यकर्ता जश्न मना रहे हैं। सीएम सम्राट ने भी जीत हासिल करने पर नरेंद्र प्रसाद सिंह को जीत की बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।

दरभंगा शिक्षक सीट पर जनसुराज की जीत

दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव परिणाम सामने आ गया है। यहां से जनसुराज के उम्मीदवार डॉ. सुरेश राय ने जीत दर्ज की है। उन्होंने कांग्रेस के उम्मीदवार और विधान पार्षद डॉ. मदन मोहन झा को 406 मतों के अंतर से मात दी। डॉ. सुरेश राय को कुल 2,593 वोट मिले। वहीं कांग्रेस के डॉ. मदन मोहन झा को 2,187 मत, सीपीआई के रामदेव राय 1,498 वोट मिला। दरभंगा शिक्षक निर्वाचन सीट पर जीत हासिल करने के बाद से जन सुराज के समर्थकों में उत्साह का माहौल है।

सारण शिक्षक सीट पर निर्दलीय राहुल राज की जीत

बिहार एमएलसी चुनाव में सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र पर बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। यहां से निर्दलीय प्रत्याशी राहुल राज ने जीत हासिल की है। द्वितीय वरीयता के मतों की गिनती के बाद राहुल राज ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एनडीए के आनंद पुष्कर को 1815 वोटों से मात दी है। जीत के बाद उनके समर्थकों और कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है। बता दें कि राहुल राज बीजेपी से बागी होकर सारण शिक्षक सीट पर चुनाव लड़ा था।

राजद ने रिजल्ट में देरी पर उठाया सवाल

पटना शिक्षक सीट का परिणाम घोषित होने में हो रही देरी पर राजद ने सवाल उठाया है। राजद ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, बिहार में तीन शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का परिणाम घंटों पहले घोषित किया जा चुका है लेकिन पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में जानबूझकर देरी की जा रही है क्योंकि यहां बीजेपी हार रही है। चुनाव आयोग लोकतंत्र और चुनावी प्रक्रिया का मज़ाक़ ना बनाए।

बिहार के इस एमएलसी चुनाव में सबसे अधिक चर्चा राजधानी पटना के स्नातक सीट की है, जहां पर मोकामा विधायक अनंत सिंह ने पार्टी के विरोध में जाकर जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार के खिलाफ जनसुराज प्रत्याशी अनुज सिंह का समर्थन किया है। इसके परिणाम स्वरूप जदयू ने उन्हें पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है। साथ ही उनकी विधायकी रद्द करने की भी तैयारी है।

ये भी पढ़ें- CM सम्राट ने राजगीर खेल परिसर में भारत-न्यूजीलैंड अंडर-20 अंतर्राष्ट्रीय रग्बी सेवेंस सीरीज का किया उ‌द्घाटन