कुंदन कुमार, पटना। बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर निर्वाचन प्रक्रिया के तहत मतदान की प्रक्रिया जारी है। इस दौरान राजनीतिक सरगर्मियों के बीच राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के मुख्य प्रवक्ता एजाज अहमद ने राजधानी पटना के फुलवारी शरीफ स्थित मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए वोट डालने के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्होंने राज्य में नौकरी, रोजगार और व्यवस्थागत बदलाव के पक्ष में अपना समर्थन दिया है।
इस चुनाव में स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की 4-4 सीटों (कुल 8 सीटें) के लिए घमासान जारी है। चुनाव मैदान में कुल 150 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। निर्वाचन आयोग की ओर से निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार, इस चुनाव में कुल 5,32,847 मतदाता शाम 4 बजे तक अपने-अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। मतदान को लेकर शिक्षित मतदाताओं और शिक्षकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।


