कुंदन कुमार, पटना। बिहार विधान परिषद के पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए मतदान प्रक्रिया चल रही है। इस चुनाव में पांच बार से लगातार एमएलसी रहे नवल किशोर यादव छठी बार चुनावी मैदान में हैं। अपना मतदान करने के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए विपक्षी दलों और प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशियों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि इस बार चुनावी मुकाबले में उनके सामने दूर-दूर तक कोई नहीं है और विरोधी उम्मीदवारों की जमानत तक जब्त हो जाएगी।
इस बार जीत का छक्का लगेगा
मतदान के तुरंत बाद मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए नवल किशोर यादव ने क्रिकेट के अंदाज में अपनी जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में जीत का छक्का लगेगा और गेंद पवेलियन से भी बहुत दूर जाएगी। उनका यह बयान राजनीतिक गलियारों में काफी चर्चा का विषय बन गया है, जो उनके आत्मविश्वास को साफ दर्शाता है।
विरोधियों के आरोपों पर तीखा पलटवार
प्रत्याशियों द्वारा लगाए जा रहे पैसों के बंटवारे और अन्य आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने विपक्षियों को आड़े हाथों लिया। नवल किशोर यादव ने कहा कि जो लोग आज उन पर पैसे बांटने का बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं, वही लोग पहले यह अफवाह फैला रहे थे कि वह लिट्टी बेचने वाले हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब सामने साफ तौर पर अपनी हार और उनकी जीत दिख रही है, तो विपक्षी बौखलाहट में तरह-तरह के झूठे और आधारहीन आरोप लगा रहे हैं।
डॉ. संजीव कुमार के यहां पुलिस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया
डॉ. संजीव कुमार के यहां हुई देर रात पुलिस की कार्रवाई को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने दो टूक अंदाज में कहा कि आखिर उनके यहां पुलिस क्यों नहीं जाएगी? उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर उन्होंने कुछ गलत किया होगा, तभी पुलिस वहां गई है। नवल किशोर यादव ने कहा कि उनकी जीत पूरी तरह से सुनिश्चित है और इसी वजह से विरोधी उनकी बढ़ती लोकप्रियता को देखकर बौखलाए हुए हैं और झूठे इल्जाम मढ़ रहे हैं।

