Bihar MLC Elections Voting: बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए 8 सीटों पर आज सुबह 8 बजे से मतदान जारी है। मतदाता शाम 4 बजे तक अपने बूथ केंद्र पर जाकर मतदान कर सकेंगे। इस बीच दोपहर 12 बजे तक अलग-अलग निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान का प्रतिशत सामने आया है। चुनाव आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की चार सीटों पर कुल 12.88 प्रतिशत मतदान हुआ है। वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की चार सीटों पर कुल 30.19 प्रतिशत मतदान हुआ है।
सारण शिक्षक सीट पर सबसे अधिक मतदान

बिहार MLC चुनाव में दोपहर 2 बजे तक कोसी स्नातक सीट पर सबसे अधिक 17.94 प्रतिशत, पटना में 15.02 प्रतिशत, दरभंगा में 13 प्रतिशत और तिरहुत में सबसे कम 5.55 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई है। इसमें सारण शिक्षक सीट पर सबसे अधिक 42.55 प्रतिशत, दरभंगा में 37.50 प्रतिशत, पटना में 30.06 प्रतिशत और तिरहुत में सबसे कम 10.64 प्रतिशत मतदान हुआ है। आंकड़ों के अनुसार, दोपहर 12 बजे तक शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की तुलना में अधिक मतदान दर्ज किया गया है।
अनुज सिंह के समर्थक छोटू सिंह गिरफ्तार!
बिहार MLC चुनाव के लिए जारी मतदान के बीच पटना के करबिगहिया से जनसुराज के उम्मीदवार डॉ. अनुज सिंह के समर्थक छोटू सिंह को STF और सेल की टीम ने गिरफ्तार किया है। फिलहाल पुलिस ने छोटू सिंह को जक्कनपुर थाने में रखा हुआ है। उनपर चुनाव को प्रभावित करने का आरोप लग रहा है। वहीं, हिरासत में लिए गए छोटू सिंह ने इसे जबरिया कार्रवाई बताया है। उनका आरोप है कि वह गाड़ी से जा रहे थे। इसी दौरान उन्हें पकड़ लिया गया।
जक्कनपुर थाना प्रभारी ने बताया कि पूछताछ के लिए उन्हें थाने लाया गया है। बता दें कि छोटू सिंह पहले जदयू में ही थे। हालही में पार्टी से उन्हें निष्कासित किया गया था। उन्होंने संजय झा के आवास पर हंगामा भी किया था। एमएलसी चुनाव में जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह का समर्थन कर रहे हैं। इन्हें अनंत सिंह का भी खास आदमी माना जाता है।
ये भी पढ़ें- आचार संहिता की उड़ी धज्जियां, मतदान केंद्र के बाहर मिला BJP प्रत्याशी का पोस्टर, तीसरी बार चेतावनी देकर हटवाया बैनर

