Bihar Monsoon Session: बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के आज तीसरे दिन सदन में सोलर लाइट का मुद्दा छाया रहा। सत्ता पक्ष के विधायक कल की तरह आज भी अपने सरकार के मंत्री को एक बार फिर से कठघरे में खड़ा करते हुए नजर आए। दरसअल जदयू विधायक श्याम रजक और बीजेपी विधायक जीवेश मिश्रा ने सदन में गांवों में खराब पड़ी सोलर स्ट्रीट लाइटों का मुद्दा उठाया। विधायकों का कहना है कि, ग्रामीण इलाकों में लगाई गई बड़ी संख्या में सोलर लाइटें बंद पड़ी हैं, जिससे गांवों में फिर अंधेरे जैसी स्थिति बन गई है।
70 फीसदी सोलर स्ट्रीट लाइटें खराब- श्याम रजक
जदयू विधायक श्याम रजक ने कहा कि, पंचायतों में लगाई गई करीब 70 फीसदी सोलर स्ट्रीट लाइटें खराब हो चुकी हैं। उनका आरोप था कि विभाग ने टेंडर के जरिए एजेंसियों से लाइटें लगवाईं, काम पूरा होने के बाद भुगतान भी हो गया, लेकिन अब भी गांव में कई जगहों पर सोलर लाइटें खराब स्थिति में पड़ी हुई हैं, यहां तक की उनकी मरम्मत भी नहीं कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि इसका खामियाजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है।
मंत्री दीपक प्रकाश ने आरोपों को किया खारिज
श्याम रजक के प्रश्न का जवाब देते हुए पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने यह स्वीकार किया कि, कई जगहों से सोलर लाइट खराब होने की शिकायतें मिली हैं। हालांकि उन्होंने 70 फीसदी लाइटें बंद होने के दावे को सिरे से खारिज कर दिया और कहा कि, किसी एजेंसी ने सरकार का पैसा लेकर काम नहीं छोड़ा है। जिन कंपनियों को लाइट लगाने और उनके रखरखाव की जिम्मेदारी दी गई है, उनके काम की लगातार निगरानी की जा रही है। जहां भी लापरवाही मिलती है, वहां कार्रवाई की जाती है।
जीवेश मिश्रा ने दी मंत्री को चुनौती
मंत्री दीपक प्रकाश के जवाब से बीजेपी विधायक जीवेश मिश्रा संतुष्ट नहीं दिखे। उन्होंने सदन में खड़ा होते हुए कहा कि, जब सत्ता पक्ष के विधायक ही इतनी बड़ी संख्या में लाइटें खराब होने की बात कह रहे हैं, तो सरकार को जमीनी हकीकत स्वीकार करनी चाहिए। इतना ही नहीं उन्होंने मंत्री को खुली चुनौती देते हुए कहा कि वे उनके विधानसभा क्षेत्र में चलकर देखें। वहां 50 फीसदी से ज्यादा सोलर स्ट्रीट लाइटें बंद मिलेंगी। उन्होंने कहा कि विभागीय रिपोर्ट और गांवों की वास्तविक स्थिति में बड़ा अंतर है, जिसे मौके पर जाकर आसानी से देखा जा सकता है।
ये भी पढ़ें- ‘भगवान इन्हें सद्बुद्धि भी नहीं दे रहा’, काला कपड़ा पहनकर संसद पहुंचे पप्पू यादव और मनोज झा


