Bihar News: संसद में आज मानसून सत्र के तीसरे दिन बुधवार (22, जुलाई) को नीट मुद्दे और छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में विपक्षी के सदस्य काले कपड़े पहनकर संसद पहुंचे और प्रदर्शन किया। बिहार से राजद के सांसद मनोज झा और पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव भी काला कपड़ा पहनकर संसद पहुंचे और अपना विरोध जताया।
सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सदस्य नीट पेपर लीक, छात्रों पर लाठीचार्ज, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था पर सरकार को घेरते हुए सदन में नारेबाजी करने लगे। हंगामा बढ़ता देख दोपहर 12 तक के लिए स्थगित कर दी गई, जिसके बाद विपक्षी सदस्य सदन से बाहर आकर संसद परिसर में प्रदर्शन करने लगे।
भगवान इन्हें सद्बुद्धि नहीं दे रहा- मनोज झा
काले कपड़े पहनकर विपक्षी सांसदों के प्रदर्शन पर राजद सांसद मनोज कुमार झा ने कहा कि, इसका संदेश पूरे देश में है, ये जो डर के वास्तुकला पर इमारत खड़ी थी…मोदी जी और अमित शाह जी की वो वास्तुकला तबाह हो गया। लेकिन अभी भी भगवान इन्हें सद्बुद्धि नहीं दे रहा… ये चिंता का विषय है।
विपक्ष के पास कोई और रास्ता नहीं- पप्पू यादव
वहीं, पप्पू यादव ने कहा कि, जब आप सदन में नहीं सुनोगे, 153 बार प्रश्न पेपर लीक करोगे, बच्चों पर लाठी चलाओगे और नीट के बाद मुंबई, राजस्थान, पंजाब सब जगह पेपर लीक होता रहेगा। आपकी नीति सही नहीं होगी…तो विपक्ष के पास रास्ते क्या हैं? आप विपक्ष को खत्म कर दोगे, विपक्ष को कमजोर कर दोगे…आज एक ही आवाज है कि इन बच्चों के भविष्य को बचाओ।
छात्र सिर्फ अपना अधिकार मांग रहे- प्रियंका
इस बीच नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी काले रंग का टि-शर्ट पहनकर संसद में पहुंचे, जहां उन्होंने प्रदर्शन कर रहे विपक्षी सदस्यों से मुलाकात की। सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि, हम छात्र के साथ हैं और उनकी आवाज उठा रहे हैं। छात्र के साथ जो हुआ वो सही है या गलत ये आप ही बताए…बच्चे हैं सारे विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
प्रियंका ने कहा कि, मुद्दा महत्वपूर्ण है। सारे माता-पिता इस बात को जानते हैं…सब जानते हैं कि ये मुद्दा असल है छात्र सिर्फ अपना अधिकार मांग रहे हैं और कुछ नहीं मांग रहे हैं…बच्चे इतना संघर्ष करके पढ़ाई करते हैं और अपने लिए वो भविष्य देखते हैं। आप उनका भविष्य बिगाड़ रहे हो…वो सिर्फ कह रहे हैं कि उनसे बात करें और उनके लिए सिस्टम बदला जाए। क्योंकि ये टूटा हुआ सिस्टम है।
ये भी पढ़ें- ‘हमारी पॉलिटिक्स राहुल गांधी के लेवल की नहीं’, कंगना बोलीं- पीएम मोदी क्यों दें इस्तीफा?


