Bihar News: नीट पेपर लीक और दिल्ली में हुए छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में कल मंगलवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पीएम आवास के बाहर प्रदर्शन करते हुए धरने पर बैठ गए। उनके साथ कांग्रेस के अलावा महागठबंधन के कई अन्य नेता भी शामिल थे, जिन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया। अब इस मुद्दे पर बीजेपी नेता और पटना साहिब से सांसद रविशंकर प्रसाद की प्रतिक्रिया सामने आई है।
हमारी पॉलिटिक्स राहुल गांधी के लेवल की नहीं- रविशंकर प्रसाद
राहुल गांधी के प्रदर्शन पर भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा कि, सिर्फ अपनी ‘नेतागिरी’ चमकाने के लिए उन्होंने ऐसा किया। क्या कांग्रेस शासित राज्यों में पेपर लीक नहीं होते थे? क्या हमें आपको एक्सपोज करना चाहिए? लेकिन हमारी पॉलिटिक्स राहुल गांधी के लेवल की नहीं है।
सांसद ने कहा कि, मामला स्टूडेंट्स के भविष्य से जुड़ा है। ये सब हमारे बच्चे हैं। एक्शन लेना चाहिए और सिस्टम को ठीक करना चाहिए। सरकार इस पर काम कर रही है, हम सब कर रहे हैं। राहुल गांधी, अगर आपके पास कुछ कंस्ट्रक्टिव ऑफर है, तो करें। लेकिन यह आपके पॉलिटिकल मतलब के बारे में है…आपको वोट नहीं मिलते और आप बार-बार हारते हैं। लेकिन देश पॉलिटिक्स से ऊपर है। आपका बर्ताव निंदनीय था।
कंगना बोलीं- पीएम मोदी क्यों इस्तीफा दें?
वहीं, राहुल गांधी द्वारा शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, गृहमंत्री अमित शाह और पीएम मोदी का इस्ताफी मांगने पर भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने कहा कि, कल बहुत बड़ा सुरक्षा का उल्लंघन हुआ है। राहुल गांधी ने पूरी कोशिश की कि प्रदर्शनकारियों को प्रधानमंत्री के आवास की ओर आगे बढ़ा दिया जाए।
कंगना ने कहा कि, जब जंतर-मंतर पर प्रदर्शन हो रहा था, तब राहुल गांधी क्यों प्रधानमंत्री के आवास की ओर प्रदर्शन करना चाह रहे थे? हमारी सरकार लगातार संवाद कर रही है। ये (राहुल गांधी) कह रहे हैं कि प्रधानमंत्री इस्तीफा दें? वे दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता हैं आखिर वे क्यों इस्तीफा देंगे?
राहुल बोले- सरकार ने नहीं दी बहस की अनुमति
गौरतलब है कि कल पीएम आवास के बाहर प्रदर्शन कर रहे राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव समेत कई नेताओं को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लेते हुए उन्हें छत्रसाल स्टेडियम स्थित डिटेंशन सेंटर में रखा। हालांकि कुछ देर बाद सभी नेताओं को छोड़ दिया गया। हिरासत के दौरान डिटेंशन सेंटर से राहुल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने कहा कि, संसद में छात्रों के मुद्दों और देश की शिक्षा प्रणाली के ध्वस्त होने पर चर्चा कराने की मांग की गई थी, लेकिन सरकार ने इस पर बहस की अनुमति नहीं दी।
राहुल गांधी ने रखी तीन मांगे
इसके अलावा उन्होंने छात्रों के समर्थन में अपनी तीन प्रमुख मांगें भी रखीं। राहुल गांधी ने सबसे पहले केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, गृहमंत्री अमित शाह और पीएम मोदी के इस्तीफे की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने संसद मार्च के दौरान छात्रों पर कथित तौर पर अत्याचार करने वालों पर कार्रवाई की मां और प्रदर्शन से जुड़े छात्रों पर दर्ज हुए मुकदमे को वापस लेने की मांग की। राहुल ने अपनी अंतिम मांग में पीएम मोदी से देश के युवाओं से माफी मांगने और शिक्षा व परीक्षा प्रणाली में तत्काल रूप से सुधार करने की अपील की। वीडियो में राहुल के पैर में जूता नहीं दिख रहा है। वहीं, उनके बाल भी बिखरे हुए नजर आ रहे हैं।
ये भी पढ़ें- वि.स. मानसून सत्र: आज सदन में 13 विधेयक पास कराने की तैयारी, विपक्ष के हंगामे के पूरे आसार


