Bihar Monsoon Session: बिहार विधानमंडल के मानसून सत्र का आज मंगलवार (21 जुलाई) दूसरा दिन है। सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे से शुरू होगी। सत्र के दूसरे दिन यानी की आज कई महत्वपूर्ण सरकारी कार्य और विधेयकों पर चर्चा प्रस्तावित है। इसके अलावा प्रश्नकाल के दौरान विभिन्न विभागों से जुड़े मुद्दों पर विधायक सरकार से सवाल पूछेंगे, जिनका संबंधित मंत्री सदन में जवाब देंगे। वहीं, अपराध, भ्रष्टाचार और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर विपक्ष के सदस्य सरकार को घेरने की कोशिश करेंगे। ऐसे में सत्र का दूसरा दिन काफी हंगामेदार हो सकता है।
दिल्ली पुलिस ने छात्रों पर बरसाई लाठियां
मानसून सत्र के दूसरे दिन यानी की आज मंगलवार को विपक्षी सदस्य कल दिल्ली में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज का मुद्दा उठाते हुए सदन में हंगामा कर सकते हैं। गौरतलब है कि कल सोमवार को संसद की ओर मार्च कर रहे छात्रों पर दिल्ली पुलिस ने लाठीचार्ज किया था, जिसमें कई छात्रों को गंभीर रूप से चोटे भी आई। इस दौरान छात्राओं को भी पीटा गया और उनपर आंसू गैस के गोले दागे गए। मार्च कर रहे छात्र नीट परीक्षा पेपर लीक मुद्दे को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे थे।
वित्त मंत्री ने पेश किया अनुपूरक बजट
मानसून सत्र के पहले दिन कल सोमवार को वित्त मंत्री सह डिप्टी सीएम बिजेंद्र प्रसाद यादव ने वित्तिय वर्ष 2026-27 के लिए अनुपूरक बजट पेश किया। वित्त मंत्री ने सरकार की ओर से 87,383.4301 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट पेश किया। इसमें राज्य स्कीम मद में 24370.72 करोड़ है और शेष केंद्र प्रायोजित स्कीम के लिए राशि रखा गया है। अनुपूरक बजट के माध्यम से विभिन्न विभागों की जरूरी योजनाओं और विकास कार्यों के लिए अतिरिक्त राशि उपलब्ध कराई जाएगी।
सदन में पेश किए गए 13 अहम विधेयक
मानसून सत्र के पहले दिन राज्य सरकार ने विधानसभा में 13 महत्वपूर्ण विधेयक पेश किए। ये विधेयक नगर विकास, शिक्षा, उद्योग, राजस्व, स्वास्थ्य, कृषि और कर व्यवस्था समेत कई अहम क्षेत्रों से जुड़े हैं। इन प्रस्तावों पर सदन में चर्चा के बाद आगे की विधायी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
सरकार की ओर से जिन विधेयकों को सदन के पटल पर रखा गया, उनमें बिहार नगर विकास विधेयक, 2026, बिहार निजी विश्वविद्यालय (संशोधन) विधेयक, 2026, बिहार दुकान एवं प्रतिष्ठान (रोजगार विनियमन और सेवा शर्त) (निरसन) विधेयक, 2026, भारतीय स्टाम्प (बिहार संशोधन) विधेयक, 2026, निबंधन (बिहार संशोधन) विधेयक, 2026, बिहार ईज ऑफ डुईंग बिजनेस विधेयक, 2026, बिहार जुआ (प्रतिषेध) विधेयक, 2026, बिहार माल एवं सेवा कर (संशोधन) विधेयक, 2026, बिहार कृषि भूमि (गैर कृषि प्रयोजनों के लिए संपरिवर्तन) (निरसन) विधेयक, 2026, बिहार भूमि दाखिल-खारिज (संशोधन) विधेयक, 2026, बिहार चिकित्सा (संशोधन) विधेयक, 2026, बिहार नर्सेज पंजीकरण (संशोधन) विधेयक, 2026 तथा बिहार चीनी उपक्रम (अर्जन) (संशोधन) विधेयक, 2026 शामिल हैं।
ये भी पढ़ें- Bihar Today Weather: बिहार में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी, मौत बनकर गिरेगी बिजली!


