Bihar Today Weather: पूरे बिहार में मानसून के सक्रिय होने से प्रदेश भर में अच्छी बारिश देखने को मिल रही है। राजधानी पटना समेत नवादा, नालंदा और किशनगंज समेत कई जिलों में कल सोमवार को अच्छी बारिश हुई है। इस बीच मौसम विभाग ने अगले 24 से 48 घंटों के लिए राज्य के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश होने को लेकर चेतावनी जारी की है। इस दौरान आसमान से आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा बना रहेगा।
9 जिलों में अतिभारी बारिश की चेतावनी
राजधानी पटना में आज मंगलवार को बादल छाए रहने के साथ बारिश होने की संभावना है। वहीं, कैमूर ,गया, नवादा और रोहतास समेत 9 जिलों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी देते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सीवान और बक्सर में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। बारिश के दौरान निचले इलाकों में बाढ़ और जलभराव जैसी समस्या उतपन्न हो सकती है, जिसे लेकर स्थानीय प्रशासन को भी अलर्ट किया गया है।
आकाशीय बिजली को लेकर गंभीर चेतावनी
मौसम विभाग ने बारिश के दौरान लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग के अनुसार बारिश के दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही कई जिलों में आकाशीय बिजली गिरने को लेकर भी गंभीर चेतावनी जारी की गई है। ऐसे में लोगों को खुले स्थानों, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है। वहीं, बारिश के समय किसानों को खेत में काम नहीं करने को कहा गया है।
40 की रफ्तार से आ सकती हैं धूल भरी आंधी
हालांकि राज्य के बाकी जिलों में आज मौसम का मिजाज खुशनुमा बना रहेगा। इस दौरान आसमान में काले बादल छाए रहेंगे। इसके साथ ही कहीं-कहीं पर हल्की से मध्यम बूंदाबांदी भी देखने को मिल सकता है। वहीं, कई जगहों पर 40 की रफ्तार से धूल भरी आंधी भी चलने की संभावना जताई गई है।
लगातार बारिश से किसानों के चेहरे खिले
एक तरफ प्रदेश भर में हो रही अच्छी बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। यदि अगले कुछ दिनों तक ऐसी ही बारिश होती रही तो यह धान की खेती के लिए बेहद ही फायदेमंद हो सकती है। हालांकि ठीक इसके दूसरे तरफ कई लोगों के लिए मौसम में हुआ यह बदलाव काल साबित हुआ है। बीते दो दिनों में बारिश के दौरान आसमान से आकाशीय बिजली गिरने के कारण 9 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।
ये भी पढ़ें- Bihar Morning News: मानसून सत्र का दूसरा दिन, बांकीपुर उपचुनाव में चुनावी संग्राम तेज


