कुंदन कुमार/पटना। बिहार में आज कौन-कौन से बड़े कार्यक्रम होंगे। कौन सी पार्टी के बड़े नेता क्या बयान दिए। इन सभी की जानकारी आप तक हम पहुंचा रहे हैं। वहीं, प्रदेश में आज कहां-कहां कार्यक्रम होंगे, ये सभी जानकारी आप तक हम रोज पहुंचाएंगे, तो प्रदेश की सभी गतिविधियों को जानने के लिए पढ़ते रहे लल्लूराम डॉट कॉम।

मानसून सत्र का दूसरा दिन आज, कई विधेयकों पर होगी चर्चा

बिहार विधानमंडल का मानसून सत्र आज मंगलवार 21 जुलाई को दूसरा दिन है। सत्र की शुरुआत सुबह 11 बजे से शुरू होगी। सत्र के दूसरे दिन यानी की आज कई विधेयकों और राजकीय कार्यों पर चर्चा होनी है। इसके साथ ही प्रश्नोत्तर काल में सदस्यों के प्रश्न का मंत्री जवाब देंगे। बता दें कि कल सत्र पहले दिन सोमवार को विधानसभा में उच्च शिक्षा, स्वास्थ्य, भूमि, कराधान, शहरी विकास और कारोबार सुगमता से जुड़े 13 संशोधन विधेयकों को पेश किया गया। वित्त मंत्री बिजेंद्र प्रसाद ने सरकार की ओर से 87,383.4301 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट भी पेश किया।

नीरज सिन्हा के समर्थन में वोट मांगने उतरेगी बीजेपी के नेताओं की फौज

बांकीपुर उपचुनाव के लिए मतदान होने में अब कम समय बचा है। ऐसे में सभी राजनीतिक दल अपने-अपने प्रत्याशियों के प्रचार-प्रसार में तेजी से जुट गए हैं। इसी क्रम में आज मंगलवार 21 जुलाई को भाजपा नीरज सिन्हा के पक्ष में पार्टी के नेता व मंत्री चुनाव प्रचार करेंगे। इस दौरान भाजपा के नेता व मंत्री घर-घर जाकर मतदाताओं को नीरज सिन्हा के पक्ष में वोट करने की अपील करेंगे।

बोरिंग रोड एरिया में पीके का जनसंपर्क

जन सुराज के प्रत्याशी प्रशांत किशोर बांकीपुर उपचुनाव को लेकर लगातार जोर-शोर से प्रचार-प्रसार में लगे हुए हैं। आज मंगलवार 21 जुलाई को वह दोपहर 12 बजे से बोरिंग रोड एरिया जनसंपर्क कर अपने पक्ष में लोगों से वोट करने की अपील करेंगे। साथ ही शाम के समय वह कई नुक्कड़ सभा व संबोधन के जरिए जनसमर्थन जुटाने का प्रयास करेंगे। गौरतलब है कि पीके के बांकीपुर उपचुनाव लड़ने से चुनावी मुकाबला काफी दिलचस्प हो चुका है। बीजेपी के नीरज सिन्हा और राजद की रेखा गुप्ता को वह कड़ी टक्कर दे सकते हैं।

रेखा गुप्ता के पक्ष में प्रचार करेंगे महागठबंधन के कई नेता, घर-घर जाकर मांगेंगे वोट

बांकीपुर उपचुनाव के लिए राजद से रेखा गुप्ता मैदान में हैं। रेखा गुप्ता की जीत के लिए आज राजद समेत महागठबंधन के कई नेता बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में प्रचार करेंगे। महागठबंधन के तमाम नेता शाम 4 बजे के करीब मंदिर मोहल्ले में घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करेंगे और उनसे राजद उम्मीदवार रेखा गुप्ता के पक्ष में मतदान करने की अपील करेंगे। बता दें कि राजद ने पार्टी के प्रचार के लिए अलग-अलग कई टीमें बनाई हैं, जो विधानसभा के अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर रेखा गुप्ता के वोट मांगेंगे। हालांकि उपचुनाव के बीच नेता विरोधी दल तेजस्वी के विदेश यात्रा को लेकर विपक्ष के नेता लगातार सवाल उठा रहे हैं।

ये भी पढ़ें- पीजी छात्रा ने हॉस्टल में की आत्महत्या, वीडियो कॉल के दौरान फंदे से लटका मिला शव