कुंदन कुमार, पटना। बिहार विधानमंडल मानसून सत्र के चौथे दिन की कार्यवाही आज गुरुवार 23 जुलाई को शुरू हो चुकी है। सदन में सीएम सम्राट चौधरी समेत सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्य मौजूद हैं। सत्र के चौथे दिन यानी की आज वित्तीय वर्ष 2026-27 की अनुपूरक व्यय विवरणी (अनुपूरक बजट) पर विस्तृत चर्चा होगी। इसके बाद विभिन्न विभागों के लिए प्रस्तावित अतिरिक्त बजटीय प्रावधानों पर सदस्यों के बीच वाद-विवाद कराया जाएगा। चर्चा पूरी होने के बाद अनुपूरक व्यय विवरणी को सदन की स्वीकृति के लिए मतदान कराया जाएगा।
कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष का हंगामा
विधानसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सदस्य अपने अपने स्थान पर खड़ा होकर हंगामा करने लगे। विपक्षी सदस्य कल पटना में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज का विरोध कर रहे थे। उनके हाथ में तरह-तरह के पोस्टर भी थे, जिसके जरिए सरकार से नीट पेपर लीक और लाठीचार्ज को लेकर जवाब मांगा जा रहा था। इस दौरान वे ‘लीठी गोली की सरकार नहीं चलेगी’ और ‘छात्रों पर अत्याचार बंद करो’ जैसे नारे भी लगा रहे थे।
विस अध्यक्ष प्रेम कुमार विपक्ष को बार-बार अपने स्थान पर बैठने का निर्देश दे रहे थे। लेकिन वे एक भी बात सुनने को तैयार नहीं थे। हंगामे को बढ़ता देख विस अध्यक्ष ने कहा कि, यह कोई युद्ध का मैदान नहीं है। इतना कहने के बाद उन्होंने दोपहर 2 बजे तक के लिए सदन की कार्यवाही को स्थगित कर दिया।
धरने पर बैठे विपक्ष के सदस्य
सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले ही विपक्ष के सदस्य विधानसभा के बाहर धरने पर बैठ गए। विपक्ष के सदस्य मुख्य तौर पर परीक्षा पेपर लीक, छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में धरने पर बैठे हैं और पीएम मोदी व बिहार सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। विपक्षी सदस्यों में राजद विधायक भाई वीरेंद्र, गौतम कृष्णा के साथ कांग्रेस के भी विधायक शामिल हैं।
विपक्षी सदस्य कल पटना में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज और नीट पेपर लीक मुद्दे को लेकर सरकार को घेरने की कोशिश कर रहे हैं। इन मुद्दों पर विपक्षी दल ने सदन के अंदर से लेकर बाहर तक सरकार को कटघरे में खड़ा करने की तैयारी की है। ऐसे में आज गुरुवार को मानसून सत्र के काफी हंगामेदार होने के आसार दिख रहे हैं।
काफी अहम साबित हो सकता है आज का सत्र
इसके साथ ही, इससे संबंधित विनियोग विधेयक पर भी चर्चा होगी और सदन की मंजूरी मिलने के बाद इसे पारित कराने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इससे सरकार को अनुपूरक बजट के तहत स्वीकृत राशि खर्च करने का वैधानिक अधिकार प्राप्त होगा। ऐसे में आज मानसून सत्र का चौथा दिन तीखी बहस और आरोप-प्रत्यारोप के बीच काफी अहम साबित हो सकता है। बता दें कि सत्र के पहले दिन वित्त मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने सरकार की ओर से 87,383.4301 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट पेश किया है।
ये भी पढ़ें- Patna Student Protest: पटना पुलिस का बड़ा एक्शन, 500 के खिलाफ FIR दर्ज, 40 से अधिक गिरफ्तार!


