Patna Student Protest: पटना में कल बुधवार को हुए भारी हंगामे के बाद छात्र जहां आज फिर से एक बार प्रदर्शन करने के लिए सड़क पर उतरने को तैयार हैं। वहीं, पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान हुए तोड़फोड़ और हिंसक झड़प को लेकर बड़ी कार्रवाई की है। कल बुधावर की देर रात गांधी मैदान, सचिवालय और कोतवाली थाना की पुलिस ने 500 अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने मामले में 40 से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में भी लिया और उनसे देर रात तक पूछताछ की गई है।

पुलिस ने देर रात तक की छापेमारी

पटना एससएसपी कार्तिकेय शर्मा भी छात्र प्रदर्शन को लेकर बेहद सख्त नजर आए। उन्होंने बताया कि, सीसीटीवी, वीडियो ग्राफी और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के जरिए प्रदर्शनकारियों की पहचान की जा रही है। पहचान होने के बाद उनकी गिरफ्तारी कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि धरना प्रदर्शन खत्म होने के बाद पुलिस की कई टिमों ने कदमकुआं, बोरिंग रोड और गांधी मैदान समेत कई अन्य इलाकों में छापेमारी भी की है। इस दौरान ही पुलिस ने प्रदर्शन में शामिल कई लोगों को उठाया है।

पुलिस की रडार पर कुछ यू-ट्यूबर

पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि इस पूरे प्रदर्शन के पीछे कौन लोग थे? किन लोगों ने इसकी साजिश रची और कैसे इसकी प्लानिंग की गई? सूत्रों के मुताबिक पुलिस के रडार पर कुछ यू-ट्यूबर और सोशल मीडिया कंटेट क्रिएटर भी हैं, जिनकी साइबर सेल द्वारा जांच कराई जा रही है।

पुलिस और छात्रों के बीच हुई झड़प

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर राजधानी पटना में छात्रों का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा है। पटना विश्वविद्यालय से आज गुरुवार (23 जुलाई) को फिर विभिन्न मांगो को लेकर छात्र एक बार फिर से दोपहर 12 बजे सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करेंगे। गौरतलब है कि कल बुधवार को भी प्रदर्शन के दौरान छात्रों और पुलिस के बीच लगभग 5 घंटे तक कई बार झड़प देखने को मिला।

सीएम और डिप्टी सीएम आवास तक पहुंचे प्रदर्शनकारी

प्रदर्शनकारी छात्रों का काफिला सीएम और डिप्टी सीएम आवास तक पहुंच गया था। सुरक्षा बलों ने लाठीचार्ज और वाटर कैनन का इस्तेमाल कर छात्रों की भीड़ को तीतर-बितर किया। इस दौरान आंसू गैस के गोले तक छोड़े गए। घंटों तक चले इस संघर्ष में कई छात्रों और कुछ पुलिसकर्मियों को भी चोटें आईं। प्रदर्शन के दौरान बीजेपी के नेता और कार्यकर्ता भी उसकी चेपट में आ गए। प्रदर्शनकारियों द्वारा बीजेपी नेता और कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट और उनकी गाड़ियों के साथ तोड़फोड़ करने की भी बात सामने आई है। इसके साथ ही पुलिस के वाहन को भी नुकसान पहुंचाया गया है।

आज से अनिश्चितकालीन धरने पर AISA छात्र संगठन

छात्र संगठन AISA ने आज गुरुवार (23, जुलाई) से गांधी मैदान में अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने का ऐलान किया है। संगठन का कहना है कि वह शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को सरकार के सामने रखेगा और जब तक उन्हें न्याय नहीं मिल जाता, तब तक उनका धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।

ये भी पढ़ें- Bihar Monsoon Session: बिहार मानसून सत्र का चौथा दिन आज, अनुपूरक बजट पर होगी चर्चा