कुंदन कुमार, पटना। बिहार मानसून सत्र के 5वें और अंतिम दिन की कार्यवाही आज शुक्रवार 24 जुलाई को शुरू हो चुकी है। सदन में सीएम सम्राट चौधरी समेत सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्य मौजूद हैं। सत्र के 5वें दिन यानी की आज सदन की कार्यवाही गैर सरकारी सदस्यों के कार्य (गैर सरकारी संकल्प) के लिए निर्धारित है।

इस दौरान विपक्ष और सत्ता पक्ष के गैर-मंत्री सदस्य विभिन्न जनहित एवं नीतिगत मुद्दों पर अपने संकल्प सदन के समक्ष रखेंगे और उन पर चर्चा होगी।

वेल में आकर विपक्ष की नारेबाजी

सदन की कार्यवाही शुरू होते ही प्रश्नकॉल का समय शुरू हुआ। सत्ता पक्ष की ओर से लोजपा रामविलास के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने छात्र प्रदर्शन के दौरान नेताओं और पत्रकारों को पीटने पर सवाल उठाया और विपक्ष पर निशाना साधा, जिसके बाद विपक्ष के सदस्य हंगामा करने लगे और वेल में आकर नारेबाजी करना शुरू कर दिया। इस दौरान सत्ता पक्ष के भी कई विधायक अपने स्थान पर खड़ा हो गए और विपक्ष के खिलाफ नारेबाजी करने शुरू कर दिया।

12 बजे तक के लिए कार्यवाही स्थगित

हंगामा बढ़ता देख विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने सभी सदस्यों से अपने स्थान पर बैठने और सदन को चलाने का आग्रह किया। स्पीकर ने कहा कि, आप लोग अपने स्थान पर जाइए…सबको बोलने का मौका दिया जाएगा। लेकिन उनकी बात सुनने के लिए कोई भी सदस्य तैयार नहीं हुआ। हंगामे और नारेबाजी को देखते हुए स्पीकर ने दोपहर 12 बजे तक के लिए सदन की कार्यवाही की स्थगित कर दिया।

सदन के बाहर विपक्ष का प्रदर्शन

बिहार मानसून सत्र सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले ही विपक्ष के सदस्य विधानसभा के बाहर नीट परीक्षा पेपर लीक, छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। इस दौरान वे पीएम मोदी व बिहार सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की। विपक्षी सदस्यों में राजद विधायक भाई वीरेंद्र, गौतम कृष्णा के साथ कांग्रेस के भी विधायक शामिल हैं। इन मुद्दों पर विपक्षी दल ने सदन के अंदर से लेकर बाहर तक सरकार को कटघरे में खड़ा करने की तैयारी की है। ऐसे में आज अंतिम दिन भी मानसून सत्र के काफी हंगामेदार होने के आसार दिख रहे हैं।

ये भी पढ़ें- राजद को बड़ा झटका! आज बीजेपी में शामिल हो सकता है पार्टी का यह दिग्गज नेता