पटना। बिहार में मानसून अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ता नजर आ रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, राज्य के कुछ जिलों में अगले कुछ दिनों के दौरान हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि फिलहाल किसी भी जिले के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। कई इलाकों में आसमान में बादल छाए रहेंगे, लेकिन उमस भरी गर्मी से लोगों को खास राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।

इन जिलों में बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, 30 अगस्त को पटना, सीवान, सारण, गोपालगंज, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, वैशाली, मुजफ्फरपुर, भोजपुर, बक्सर, कैमूर और रोहतास समेत कई जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। पिछले 24 घंटे में राजधानी पटना में मौसम उमस भरा रहा। आसमान में बादल छाए रहे और कुछ जगह हल्की बारिश भी हुई, लेकिन बारिश के बावजूद लोगों को गर्मी और चिपचिपाहट से राहत नहीं मिली। दूसरी ओर, मुजफ्फरपुर, मधेपुरा और पूर्णिया में कई जगह अच्छी बारिश दर्ज की गई।

बारिश के बाद क्यों बढ़ रही उमस?

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार वातावरण में इस समय नमी का स्तर काफी अधिक है। मानसून की गतिविधियों के कारण ऊपरी वायुमंडल में बादल बन रहे हैं। कई जगह बादल तो पहुंच रहे हैं, लेकिन पर्याप्त बारिश नहीं हो पा रही। इसी वजह से बारिश से पहले और बाद में उमस बढ़ जाती है।

पटना में कैसा रहेगा मौसम?

पटना में अगले कुछ दिनों तक आंशिक रूप से बादल छाए रहने और बारिश की संभावना है। तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। 31 अगस्त को पटना समेत कई इलाकों में तेज बारिश के आसार हैं, जबकि अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री रह सकता है।

42% कम हुई मानसूनी बारिश

बिहार में इस मानसून सीजन अब तक सामान्य से करीब 42 प्रतिशत कम बारिश हुई है। सामान्य 756.5 मिमी के मुकाबले राज्य में 438.6 मिमी बारिश दर्ज की गई है।