सोहराब आलम/ पूर्वी चंपारण। नेपाल में आई भीषण बाढ़ और जलप्रलय के बीच पूर्वी चंपारण से बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। आदापुर प्रखंड के लालाछपरा गांव में एक ही परिवार के पांच सदस्यों के बाढ़ के तेज बहाव में बह जाने की सूचना है। घटना की खबर सामने आते ही गांव में मातम पसर गया और परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार लालाछपरा गांव निवासी बुधन साह के परिवार के पांच सदस्य नेपाल में आई भीषण बाढ़ की चपेट में आ गए। बताया जा रहा है कि बुधन साह की पत्नी, उनकी तीन बेटियां और एक नतनी तेज जलसैलाब में बह गईं। अचानक आए बाढ़ के पानी के तेज बहाव के कारण परिवार के सदस्यों के बह जाने की बात कही जा रही है।
ऐसे मिली जानकारी
घटना की जानकारी खुद बुधन साह ने फोन के माध्यम से अपने भाई को दी। इसके बाद जैसे ही यह खबर गांव और आसपास के लोगों तक पहुंची पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। परिजनों के बीच चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटना की जानकारी लेने के लिए जुटने लगे। एक ही परिवार के पांच लोगों के लापता होने की खबर ने पूरे लालाछपरा गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है। गांव में हर तरफ शोक और चिंता का माहौल है। परिजन अपनों की सलामती की उम्मीद लगाए हुए हैं।
कई इलाकों में हालात गंभीर
नेपाल में लगातार भारी बारिश और बाढ़ के कारण कई इलाकों में हालात गंभीर बने हुए हैं। तेज पानी के बहाव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। वहीं, लालाछपरा के ग्रामीण इस घटना के बाद सहमे हुए हैं और लापता परिवार के सदस्यों के सुरक्षित मिलने की उम्मीद कर रहे हैं।फिलहाल पांचों लोगों के बारे में विस्तृत जानकारी का इंतजार है। स्थानीय स्तर पर घटना की पुष्टि और लापता लोगों की तलाश को लेकर प्रयास किए जा रहे हैं।


