कुंदन कुमार/पटना। बिहार में आज कौन-कौन से बड़े कार्यक्रम होंगे। कौन सी पार्टी के बड़े नेता क्या बयान दिए। इन सभी की जानकारी आप तक हम पहुंचा रहे हैं। वहीं, प्रदेश में आज कहां-कहां कार्यक्रम होंगे, ये सभी जानकारी आप तक हम रोज पहुंचाएंगे, तो प्रदेश की सभी गतिविधियों को जानने के लिए पढ़ते रहे लल्लूराम डॉट कॉम।

बीजेपी कार्यालय में सहयोग कार्यक्रम

बीजेपी प्रदेश कार्यालय में आज सहयोग कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। यह आयोजन सुबह 11 बजे से आयोजित होगा। सहयोग कार्यक्रम में आज बीजेपी से मंत्री मौजूद रहेंगे, जो कार्यालय में आए जनता की समस्याओं को सुन उनका निपटारा करने का काम करेंगे। वहीं, विभागीय अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश देंगे।

उच्च शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक

उच्च शिक्षा विभाग की ओर से आज सुबह 11 बजे एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में विभागीय योजनाओं, शैक्षणिक संस्थानों की प्रगति तथा विभिन्न विकासात्मक कार्यों की समीक्षा की जाएगी। इस महत्वपूर्ण बैठक में बिहार सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री संजय सिंह टाइगर विशेष रूप से मौजूद रहेंगे और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे।

हालही में संजय सिंह टाइगर ने अपने एक बयान में कहा था कि सरकार सभी प्रखंड में डिग्री कॉलेज भी खोलने जा रही है। इसके लिए दो सौ ग्यारह प्रखंड में स्थान चिन्हित किया गया है। अभी उसी चिन्हित जगह से कॉलेज शुरू की जाएगी, जिसका सत्र इसी साल जुलाई माह से शुरू होगा। समीक्षा बैठक में इस मुद्दे पर भी चर्चा होने की उम्मीद है।

जदयू कार्यालय में जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन

जदयू कार्यालय में आज सोमवार (1 जून) को जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इस कार्यक्रम में आम जनता अपनी समस्याएं और शिकायतें सीधे पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों के सामने रख सकेगी। कार्यक्रम का समय दोपहर 12 बजे निर्धारित किया गया है। इस जनसुनवाई में राज्य सरकार के मंत्री भी मौजूद रहेंगे और लोगों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान का आश्वासन देंगे। पार्टी का कहना है कि इस तरह के कार्यक्रम का उद्देश्य जनता और सरकार के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, ताकि स्थानीय स्तर पर उठने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके।

आज से ‘खेत बचाओ अभियान’ की शुरुआत

किसानों की कृषि लागत कम करने और खेतों की सेहत सुधारने के उद्देश्य से कृषि विभाग आज 1 जून सोमवार से पूरे बिहार में ‘खेत बचाओ अभियान’ की शुरुआत करने जा रहा है। इस अभियान का शुभारंभ पटना में मीठापुर स्थित कृषि भवन में दोपहर 12:30 बजे कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा करेंगे। ‘खेत बचाओ अभियान’ 1 जून से 30 जून तक चलेगा। इसके तहत किसानों को मिट्टी जांच, मृदा स्वास्थ्य कार्ड के अनुसार संतुलित उर्वरक के उपयोग, हरी खाद, जैविक खेती और बायो-प्रोडक्ट्स अपनाने के लिए जागरूक किया जाएगा।

कांग्रेस कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन

कांग्रेस कार्यालय सदाकत आश्रम में आज दोपहर 2 बजे एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई गई है। इस बैठक में प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। इस दौरान बिहार की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियां, संगठनात्मक विस्तार, बढ़ती महंगाई, अपराध और राज्य से जुड़े अन्य जरूरी मुद्दों पर पार्टी अपनी राय सामने रख सकती है। इस दौरान कांग्रेस नेता मीडिया के सवालों का भी जवाब दे सकते हैं।

ये भी पढ़ें- कलेक्शन कर घर लौट रहे बजाज फाइनेंस कर्मी को अपराधियों ने मारी गोली, हालत गंभीर