कुंदन कुमार, जहानाबाद। जिले के घोसी थाना क्षेत्र के साहोबीघा गांव के समीप रविवार रात्रि 9 बजे को अपराधियों ने एक युवक को गोली मारकर घायल कर दिया। घायल की पहचान साहोबीघा निवासी गुड्डू कुमार के रूप में हुई है, जो बजाज फाइनेंस में कलेक्शन का कार्य करते हैं।

घर लौटते समय मारी गोली

जानकारी के अनुसार, गुड्डू कुमार जहानाबाद से सुखियामा होते हुए अपने घर साहोबीघा लौट रहे थे। बताया जाता है कि वे कलेक्शन का काम समाप्त कर वापस घर जा रहे थे। इसी दौरान साहोबीघा गांव के पास नदी किनारे रास्ते में अज्ञात अपराधियों ने उन पर हमला कर दिया और उनके पैर में गोली मार दी।

परिजनों को फोन कर दी सूचना

गोली लगने के बाद घायल युवक ने किसी तरह अपने परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल गुड्डू कुमार को आनन-फानन में इलाज के लिए जहानाबाद सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में चिकित्सकों डॉ श्यामेंद्र सिंहा की निगरानी में उनका इलाज जारी है।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को भी दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और हमलावरों की पहचान तथा घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

छानबीन में जुटी पुलिस

फिलहाल घायल युवक की स्थिति स्थिर बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा जल्द ही अपराधियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें- बिहार में बड़ा हादसा: सोन नदी में डूबने से 3 दोस्तों की मौत, 3 की ग्रामीणों ने बचाई जान