Bihar News: बिहार के भोजपुर में आज रविवार (31 मई) को एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां सोन नदी में 3 युवकों की डूबने से मौत हो गई। वहीं, डूब रहे 3 युवक को बाल-बाल बचा लिया गया। घटना चौरी थाना क्षेत्र स्थित अंधारी सोन नदी बालू घाट संख्या-1 के पास की है।
बालू खनन की वजह से बने गड्ढे से हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, सभी युवक सोन नदी में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान अवैध बालू खनन की वजह से बने गहरे गड्ढे में हर्षित कुमार डूबने लगा, जिसे बचाने के क्रम में एक-एक करके सभी 6 साथी नदी में डूबने लगे। इस बीच शोर की आवाज सुनकर नदी किनारे मौजूद ग्रामीणों ने पानी में कूदकर तीन युवकों (शिवम कुमार, पंकज कुमार और प्रिंस कुमार) को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
अस्पताल ले जाते समय 3 युवकों की मौत
वहीं, 3 युवक को गंभीर हालत में बाहर निकाला गया, जिन्हें इलाज के लिए गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को बेहतर इलाज के लिए अरवल सदर अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि अस्पातल ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मृतकों की पहचान अंधारी गांव निवासी हर्षित कुमार (14), निखिल कुमार (17) और नीतीश कुमार (19 ) के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्रशासन पर लापरवाही का आरोप
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची चौरी थाना पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई। इस घटना के लिए परिजनों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि सहार पुल पर भीषण जाम होने की वजह से मरीजों को अस्पताल ले जाने में काफी समय लग गया। मजबूरी में बाइक से उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा। इस वजह से काफी समय बर्बाद हुआ, परिजनों का कहना है कि अगर समय रहते सभी को अस्पताल पहुंचा दिया जाता, तो शायद उनकी जान बच सकती थी।
ये भी पढ़ें- ‘चोट लगने का नाटक कर रहे हैं अभिषेक बनर्जी’, गिरिराज सिंह का बड़ा बयान, बोलें- लोगों का आक्रोश…

