कुंदन कुमार, पटना। पटना पहुंचे केंद्रीय मंत्री और बेगूसराय से भाजपा के सांसद गिरिराज सिंह ने पश्चिम बंगाल में टीएम नेताओं पर हुए हमले को लेकर बड़ा बयान दिया है। मीडिया से बातचीत के दौरान गिरिराज सिंह ने अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले से जुड़े सवाल पर कहा कि, अभिषेक बनर्जी चोट लगने का झूठा नाटक कर रहे हैं और उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं लगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी के शासनकाल में हिंदुओं को प्रताड़ित किया गया, विपक्षी कार्यकर्ताओं पर अत्याचार हुए और चुनाव के दौरान विरोधियों की हत्याएं तक की गईं। उन्होंने कहा कि जनता में वर्षों से जमा आक्रोश अब सामने आ रहा है।
लोगों की नाराजगी स्वाभाविक- उपेंद्र कुशवाहा
वहीं, RLM प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने TMC सांसद अभिषेक बनर्जी और कल्याण बनर्जी पर हुए हमलों पर कहा कि, यह लोगों की नाराजगी है और स्वाभाविक है कि कई बार नाराजगी के कारण ऐसी स्थिति बनती है, लेकिन मेरा आम लोगों से आग्रह है कि लोकतंत्र में ऐसी चीजों के लिए गुंजाइश नहीं है। चुनाव में जो उनकी हार हुई है, उसके कारण ममता बनर्जी बौखला गई हैं और इसलिए वो कुछ भी बोल रही हैं।
कल्याण बनर्जी पर पत्थर से हमला
बता दें कि आज रविवार को दूसरे दिन पश्चिम बंगाल में टीएमसी सांसद पर हमला किया गया है। पार्टी सांसद कल्याण बनर्जी को हुगली में विरोध का सामना करना पड़ा है। लोगों ने उन्हें सड़क पर देख चोर-चोर के नारे लगाए। इस दौरान भीड़ में से किसी एक ने पत्थर चलाई, जो सिधे कल्याण बनर्जी के सिर पर आकर लगी और जमीन पर गिर पड़े। उनके सिर से खून भी बहने लगा। उन्होंने इस हमले के लिए बीजेपी को जिम्मेदार ठहराया है।
कल अभिषेक बनर्जी पर हुआ था हमला
गौरतलब है कि कल शनिवार (30 मई) को अभिषेक बनर्जी पश्चिम बंगाल के सोनारपुर इलाके में चुनाव बाद हुई हिंसा में पीड़ितों परिवारों से मुलाकात करने पहुंचे थे। इस दौरान भीड़ की सकल में आए कुछ अराजक तत्वों ने उनपर हमला कर दिया। अज्ञात लोगों ने अभिषेक बनर्जी पर पत्थर, जूते और अंडे फेंके और उन पर लात-घूंसे बरसाने का भी प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और सुरक्षा बल ने उन्हें बड़ी मुश्किल से वहां से बाहर निकाला।
ये भी पढ़ें- विक्रमशिला सेतु का निरीक्षण करने पहुंचे CM सम्राट चौधरी, बताया किस दिन चालू होगा पुल

