कुंदन कुमार/पटना। बिहार में आज कौन-कौन से बड़े कार्यक्रम होंगे। कौन सी पार्टी के बड़े नेता क्या बयान दिए। इन सभी की जानकारी आप तक हम पहुंचा रहे हैं। वहीं, प्रदेश में आज कहां-कहां कार्यक्रम होंगे, ये सभी जानकारी आप तक हम रोज पहुंचाएंगे, तो प्रदेश की सभी गतिविधियों को जानने के लिए पढ़ते रहे लल्लूराम डॉट कॉम।

जदयू कार्यालय में जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन

जदयू कार्यालय में आज सोमवार (28, सितंबर 2026) को जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इस कार्यक्रम में आम लोग अपनी समस्याएं और शिकायतें सीधे पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों के सामने रख सकेंगे। कार्यक्रम का समय सुबह 11 बजे निर्धारित किया गया है। इस जनसुनवाई में राज्य सरकार के मंत्री भी मौजूद रहेंगे, जो लोगों की समस्याओं को सुनकर उनका समाधान करेंगे। पार्टी का कहना है कि इस तरह के कार्यक्रम का उद्देश्य जनता और सरकार के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, ताकि स्थानीय स्तर पर उठने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके।

महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ वाम दलों का लोकभवन मार्च

बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और मतदाता सूची में कथित ‘वोट चोरी’ के मुद्दे को लेकर सीपीआई, सीपीएम और माले के कार्यकर्ता आज सोमवार को पटना में विरोध मार्च निकालेंगे। यह लोकभवन मार्च सुबह 11 बजे शुरू होगा। वाम दलों के कार्यकर्ता मार्च के जरिए अपनी मांगों और विरोध को सरकार तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे। तीनों वाम दलों के कार्यकर्ता इन मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करेंगे। कार्यकर्ताओं की ओर से शहीद भगत चौक से लोकभवन तक मार्च निकाला जाएगा। इस दौरान महंगाई और बेरोजगारी के साथ-साथ मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर विरोध जताया जाएगा। मार्च में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं के शामिल होने की उम्मीद है।

भाजपा कार्यालय में सहयोग कार्यक्रम का आयोजन

भाजपा प्रदेश कार्यालय में आज सोमवार को सहयोग कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। यह आयोजन दोपहर 1 बजे से आयोजित होगा। सहयोग कार्यक्रम में आज बीजेपी से मंत्री मौजूद रहेंगे, जो कार्यालय में आए जनता की समस्याओं को सुन उनका निपटारा करने का काम करेंगे। वहीं, विभागीय अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश देंगे।

‘वोट चोरी’ पर पटना में कांग्रेस का हल्लाबोल

मतदाता सूची में कथित वोट चोरी और लोकतांत्रिक अधिकारों के साथ हो रहे खिलवाड़ के विरोध में पटना महानगर कांग्रेस कमेटी की ओर से विरोध मार्च और आक्रोश मार्च निकाला जाएगा। यह कार्यक्रम अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन भी किया जाएगा। SIR को लेकर सामने आ रही कथित अनियमितताओं के खिलाफ यह विरोध कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।पटना महानगर कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ता विरोध मार्च में शामिल होकर अपनी आपत्ति दर्ज कराएंगे। कार्यक्रम कांग्रेस मैदान में दोपहर 12 बजे आयोजित किया जाएगा।

राजद कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन

राजद कार्यालय में आज प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया है। इस दौरान राजद के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल मौजूद रहेंगे, जो प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मौजूदा राजनीतिक हालात, SIR, बढ़ते अपराध और महंगाई समेत तमाम मुद्दों पर अपनी राय मीडिया के सामने रख सकते हैं। इसके साथ ही राजद प्रवक्ता विपक्षी दलों द्वारा लगाए जा रहे आरोपों का जवाब देते हुए मजबूती के साथ अपनी पार्टी का पक्ष रखेंगे। यह प्रेस कॉन्फ्रेंस दोपहर 2 बजे आयोजित की जाएगी।

ये भी पढ़ें- भाई वीरेंद्र का हमला, ज्ञानेश कुमार की बर्खास्तगी की मांग, Gen-Z और युवाओं से सड़क पर उतरने की अपील