कुंदन कुमार/पटना। बिहार में आज कौन-कौन से बड़े कार्यक्रम होंगे। कौन सी पार्टी के बड़े नेता क्या बयान दिए। इन सभी की जानकारी आप तक हम पहुंचा रहे हैं। वहीं, प्रदेश में आज कहां-कहां कार्यक्रम होंगे, ये सभी जानकारी आप तक हम रोज पहुंचाएंगे, तो प्रदेश की सभी गतिविधियों को जानने के लिए पढ़ते रहे लल्लूराम डॉट कॉम।

पुलिस कार्रवाई के विरोध में पुतला फूंकेगी कांग्रेस

दिल्ली में बीते दिनों बिहार के युवा पांडव कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वहीं, पटना में 10 वर्षीय बच्ची रोशनी कुमारी की हत्या मामले को लेकर बिहार की सियासत गर्म है। इन दोनों घटनाओं को लेकर पटना साहिब विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस उम्मीदवार रहे शशांत शेखर और अन्य लोगों द्वारा शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया जा रहा था। इस दौरान पुलिस ने राजनीतिक षड्यंत्र के तहत प्राथमिकी दर्ज कर दमनात्मक कार्रवाई की, जिसके विरोध में कांग्रेस पार्टी आज 30 अप्रैल को 2:15 बजे सदाकत आश्रम गेट के सामने विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन करेगी।

जदयू कार्यालय में बैठक का आयोजन

जदयू कार्यालय में आज गुरुवार (30 अप्रैल) को दोपहर 1 बजे पार्टी की एक अहम बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में निशांत कुमार प्रमुख रूप से शामिल होंगे। इसके अलावा बैठक में पार्टी के कार्यकर्ता और कई बड़े नेता भी मौजूद रहेंगे। इस दौरान आगामी चुनाव के लिए पार्टी की रणनीति, भविष्य में होने वाले कार्यक्रमों और संगठन के विस्तार को लेकर चर्चा की जाएगी। साथ ही बैठक में 3 मई से निकलने वाली निशांत कुमार की सद्भाव यात्रा को लेकर भी चर्चा होने की उम्मीद है।

सीपीएम की बैठक और प्रेस कॉन्फ्रेंस

पटना में कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी) यानी सीपीएम की दो दिवसीय राज्य कमिटी बैठक का आज आखिरी दिन है। इस बैठक को पार्टी के पोलित ब्यूरो सदस्य कॉमरेड अशोक धावले और राज्य सचिव ललन चौधरी संबोधित करेंगे। इस दौरान संगठनात्मक मुद्दों, राजनीतिक रणनीति और आगामी गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है। यह बैठक पार्टी के राज्य कार्यालय, जमाल रोड, पटना में संपन्न होगी। बैठक के बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस भी आयोजित की जाएगी। यह प्रेस वार्ता दोपहर 2 बजे राज्य कार्यालय में होगी, जिसमें कॉमरेड अशोक धावले मीडिया को संबोधित करेंगे। प्रेस कॉन्फ्रेंस में बैठक से जुड़े अहम बिंदुओं और पार्टी के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी साझा की जा सकती है।

ये भी पढ़ें- सूना घर देख 17 साल की नाबालिग से रेप, एक ही बिल्डिंग में रहता है आरोपी, गिरफ्तार