वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले के छबिलापुर थाना क्षेत्र के केशरी बिगहा गांव में कल शनिवार की देर रात एक सनसनीखेज हत्या से पूरे इलाके में दहशत फैल गई, जहां अपराधियों ने घर में घुसकर 45 वर्षीय छोटे यादव की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और एफएसएल की टीम ने जांच पड़ताल शुरू कर दी।
घर में घुसे हथियारबंद बदमाशों ने की हत्या
मृतक की पहचान साजो यादव के पुत्र छोटे यादव के रूप में हुई है। मृतक के बेटे गोलू कुमार ने बताया कि उसके पिता उसके साथ सो रहे थे। इसी दौरान चार से पांच हथियारबंद बदमाश घर में घुसे और छोटे यादव के सिर में गोली मारकर फरार हो गए। गोलू का कहना है कि चुनाव को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। उसने यह भी बताया कि उसके चाचा की भी पहले हत्या हो चुकी है और इस घटना में पट्टीदारों पर शक जताया जा रहा है।
हत्या का आरोपी था मृतक- राजगीर डीएसपी
घटना को लेकर राजगीर डीएसपी संजीत कुमार गुप्ता ने बताया कि रात करीब एक बजे छबिलापुर थाना पुलिस को हत्या की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, जहां छोटे यादव का शव घर में पड़ा मिला। उन्होंने बताया कि छोटे यादव करीब चार महीने पहले ही जेल से रिहा होकर बाहर आए थे। उन पर करीब चार वर्ष पहले गांव के ही मुन्नी यादव की हत्या के मामले में आरोप था। हालांकि, वर्तमान हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। प्रारंभिक जांच में पुरानी अदावत को भी एक संभावित कारण माना जा रहा है।
सीसीटीवी फुटेज को खंगालने में जुटी पुलिस
घटना के बाद एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर तकनीकी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बिहारशरीफ भेज दिया है। डीएसपी संजीत कुमार गुप्ता ने बताया कि मामले के खुलासे के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अज्ञात अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच जारी है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।
ये भी पढ़ें- शर्मनाक: पटना में 7 साल की नाबालिग के साथ दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

