अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। बिहार सरकार में पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने पंचायत चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है। लव-कुश जन्मोत्सव समारोह में शामिल होने पहुंचे दीपक प्रकाश ने मीडिया से बातचीत के दौरान पंचायत चुनाव से जुड़े सवालों का जवाब देते हुए कहा कि, बिहार में पंचायत चुनाव कब होगा? इसकी तिथि बताना उनके लिए फिलहाल संभव नहीं है।

तेजी से चल रहा परिसीमन का काम- दीपक प्रकाश

मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि, क्योंकि निर्वाचन आयोग ही इस बार पंचायत चुनाव के लिए अधिकृत एजेंसी है। इसलिए पंचायत चुनाव की तमाम गतिविधियों निर्वाचन आयोग के अधीन है और परिसीमन से लेकर तिथि की घोषणा तक निर्वाचन आयोग ही करेगी। उन्होंने कहा कि बहुत तेजी से परिसीमन का काम चल रहा है तथा पंचायत चुनाव को लेकर चुनाव आयोग पूरी तरह से गंभीर है। जल्द ही चुनाव आयोग की घोषणा करेगी।

बिहार में बदल जाएगी पंचायत चुनाव की तस्वीर

बता दें कि बिहार में इस बार होने वाले पंचायत चुनाव की पूरी तस्वीर बदलने जा रही है। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा 2023 की जाति आधारित गणना के डेटा के आधार पर नया परिसीमन और आरक्षण रोस्टर लागू किया जाएगा, जिसका असर सीधे तौर पर आगामी चुनावों के जातीय समीकरणों और सीटों की संख्या पर पड़ेगा।

​राज्य में 10 साल बाद नया आरक्षण रोस्टर लागू होने से पंचायतों की संरचना में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। परिसीमन के बाद मुखिया के पदों की संख्या वर्तमान में 8,053 से बढ़कर लगभग 13,000 तक पहुंच जाने की संभावना है।

पहली बार होगा ईवीएम का इस्तेमाल

बिहार में होने वाला पंचायत चुनाव कई मायनों में अलग और खास होने वाला है। दरअसल बिहार ऐसा पहली बार होगा, जब पंचायत स्तर के चुनाव में नई तकनीक से लैस इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) का इस्तेमाल किया जाएगा। बता दें कि अब तक के पंचायत चुनाव में बैलेट पेपर के जरिए मतदान कराया जाता था। हालांकि इस बार ईवीएम से वोटिंग होगी।

इन 6 पदों के लिए होगा चुनाव

पंचायत चुनाव में पंचायत स्तर के छह प्रमुख पदों के लिए मतदान होगा, जिनमें वार्ड सदस्य, मुखिया, पंच, सरपंच, पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद सदस्य शामिल हैं। इन सभी पदों के लिए एक ही बूथ पर ईवीएम के जरिए मतदान की व्यवस्था की जाएगी, जिससे मतदान प्रक्रिया तेज, पारदर्शी और सुगम होगी।

ये भी पढ़ें- ‘राहुल गांधी को ‘सेल्फ-गोल’ करने महारथ’, गूंज कार्यक्रम में PM मोदी की मिमिक्री पर सियासी घमासान