Bihar News: इंदौर में राहुल गांधी के युवा संवाद कार्यक्रम छात्रों की गूंज के दौरान पीएम मोदी की मिमिक्री करने को लेकर भाजपा एवं उसकी सहयोगी पार्टियों और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग तेज हो गई। एनडीए के नेता इसे मां और बुजुर्ग के अपमान से जोड़ते हुए राहुल गांधी पर हमलावर हैं।

राहुल में संस्कार और लज्जा नहीं- भाजपा

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गुरु प्रकाश ने ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री करने पर कहा कि, राजनीति में एक बुनियादी मर्यादा होती है, संस्कार होते हैं, लज्जा होती है। लेकिन राहुल गांधी की मौजूदगी में और ऐसा पहली बार नहीं हो रहा है, बिहार विधानसभा चुनाव हमें याद है।

बिहार विधानसभा चुनाव की सार्वजनिक सभा में, कांग्रेस पार्टी के मंच पर, कांग्रेस पार्टी के नेताओं की मौजूदगी में, प्रधानमंत्री की स्वर्गीय माता के लिए जैसे अपशब्दों का उपयोग किया गया था। अत्यंत ही दुखद है, दुर्भाग्यपूर्ण है। यह कांग्रेस पार्टी का महिला विरोधी, पिछड़ा विरोधी, गरीब विरोध असल चरित्र दिखाता है।

‘सेल्फ-गोल’ करने महारथ- राजीव रंजन

वहीं, जेडीयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन ने इस मामले पर कहा कि, राहुल गांधी ‘सेल्फ-गोल’ करने महारथ हासिल हैं। वे अक्सर ऐसी भूले करते हैं जो भारतीय जनमानस को बिल्कुल भी मंजूर नहीं है। आम लोगों के मन में मां के प्रति जो सम्मान और श्रद्धा होती है, उसे समझे बिना ऐसी बातें कहना… बेशक, राहुल गांधी ने ‘गूंज’ कार्यक्रम में कई बातें कही होंगी, लेकिन आज चर्चा सिर्फ़ इसी बात की हो रही है। इसलिए, यह समझना चाहिए कि अब तक उन्होंने जितने भी ‘गूंज’ कार्यक्रम किए हैं, वे सब निरर्थक साबित हुए हैं।

जानें क्या है पूरा मामला?

दरअसल इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में स्टैंड-अप कॉमेडियन पुलकित मणि ने पीएम मोदी की आवाज और बोलने के अंदाज की मिमिक्री की। कॉमेडियन ने विदेशी नेताओं से प्रधानमंत्री की मुलाकात का जिक्र करते हुए बार-बार ‘माई फ्रेंड, हाउ आर यू?’ कहा! इस पर मंच पर मौजूद राहुल गांधी ने हंसते हुए जवाब दिया- ‘आई एम फाइन, हाउ आर यू, मोदी जी?’

इसके जवाब में कॉमेडियन पुलकित मणि ने पीएम मोदी की मिमिक्री करते हुए मां को कुर्सी दो….का एक्ट किया। दरअसल हालही में पीएम मोदी ने एक जनसभा में एक बुजुर्ग महिला को कुर्सी देने की बात कही थी। इसे लेकर बीजेपी का कहना है कि राहुल गांधी और स्टैंड-अप कॉमेडियन पुलकित मणि पीएम मोदी के साथ-साथ एक बुजुर्ग मां का भी मजाक उड़ा रहे हैं और अपमान कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें- चिराग पासवान बहा रहे हैं घड़ियाली आंसू! राजद बोली- Gen Z से लेकर शिक्षकों की असली लड़ाई सिर्फ तेजस्वी लड़ रहे हैं