कुंदन कुमार/पटना। बिहार में आज कौन-कौन से बड़े कार्यक्रम होंगे। कौन सी पार्टी के बड़े नेता क्या बयान दिए। इन सभी की जानकारी आप तक हम पहुंचा रहे हैं। वहीं, प्रदेश में आज कहां-कहां कार्यक्रम होंगे, ये सभी जानकारी आप तक हम रोज पहुंचाएंगे, तो प्रदेश की सभी गतिविधियों को जानने के लिए पढ़ते रहे लल्लूराम डॉट कॉम।

आज के कार्यक्रम

राष्ट्रीय लोक जनशक्ति का कार्यक्रम

राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी की ओर से गुरुवार 8 अक्टूबर को पार्टी के संस्थापक एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान की पुण्यतिथि मनाई जाएगी। कार्यक्रम का आयोजन पटना स्थित पार्टी के राज्य कार्यालय, विधायक कॉलोनी, कौटिल्य नगर में किया जाएगा। कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और दलित सेना के साथी शामिल होंगे। इस दौरान रामविलास पासवान के राजनीतिक एवं सामाजिक योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में पुण्यतिथि कार्यक्रम आयोजित होगा।

महागठबंधन का राजभवन मार्च

महागठबंधन के नेताओं की ओर से गुरुवार, 8 अक्टूबर को पटना में विशाल राजभवन मार्च निकाला जाएगा। मार्च का नेतृत्व नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव करेंगे। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे शहीद स्मारक, सत्यमूर्ति पार्क से होगी, जो बिहार विधानसभा के मुख्य गेट के पास स्थित है। महागठबंधन के विभिन्न दलों के नेता और कार्यकर्ता मार्च में शामिल होंगे। इसके बाद सभी नेता राजभवन की ओर कूच करेंगे। कार्यक्रम को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से तैयारियां की गई हैं। मार्च के दौरान विभिन्न मुद्दों को लेकर नेताओं की ओर से अपनी बात रखी जाएगी।

जदयू कार्यालय में जनसुनवाई

पटना स्थित जदयू कार्यालय में गुरुवार, 8 अक्टूबर को जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में मंत्री मौजूद रहेंगे और प्रदेशभर से आने वाले लोगों की समस्याएं सुनेंगे। सुबह 11 बजे से शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में लोग अपनी शिकायत, समस्या और मांगों को सीधे मंत्री के सामने रख सकेंगे। संबंधित मामलों में अधिकारियों और विभागों के स्तर पर कार्रवाई के लिए आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे। जनसुनवाई के माध्यम से आम लोगों को अपनी समस्याएं पार्टी कार्यालय के माध्यम से सरकार तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहेंगे।

भाजपा कार्यालय में सहयोग कार्यक्रम

पटना स्थित भाजपा कार्यालय में गुरुवार, 8 अक्टूबर को सहयोग कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम दोपहर 1 बजे से शुरू होगा। इसमें मंत्री मौजूद रहकर आम लोगों की शिकायतें और समस्याएं सुनेंगे। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले लोग अपनी समस्याएं सीधे मंत्री के सामने रख सकेंगे। संबंधित विभागों से जुड़े मामलों में आवश्यक जानकारी लेने के साथ उनके समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए जाएंगे। भाजपा कार्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से आम लोगों को अपनी समस्याएं सरकार तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम में पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहेंगे।

मुख्यमंत्री उद्यमी योजना का कार्यक्रम

उद्योग विभाग, बिहार सरकार की ओर से गुरुवार, 8 अक्टूबर को मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत चयनित लाभुकों के लिए एक दिवसीय उन्मुखीकरण एवं प्रथम किस्त राशि वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 11 बजे पटना के बापू सभागार में होगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि उद्योग-सह-खेल मंत्री श्रेयसी सिंह कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगी। इस दौरान योजना के तहत चयनित लाभुकों को उद्यम शुरू करने से जुड़ी जानकारी दी जाएगी। साथ ही चयनित लाभुकों के बीच प्रथम किस्त की राशि का वितरण किया जाएगा। कार्यक्रम में विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।