कुमार उत्तम, मुजफ्फरपुर। प्रमंडलीय आयुक्त सह तिरहुत निर्वाची पदाधिकारी गिरिवर दयाल सिंह के निर्देश पर बिहार विधान परिषद के तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्वि-वार्षिक चुनाव 2026 को लेकर प्रशासनिक तैयारी तेज हो गई है। चुनाव को त्रुटिरहित व निष्पक्ष संपन्न कराने के लिए मुजफ्फरपुर के एमआईटी स्थित एवी हॉल में मतदान व मतगणना कर्मियों का सघन प्रशिक्षण कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। इसमें सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर और वैशाली जिलों के अधिकारी हिस्सा लेंगे।

​मतदान कर्मियों का प्रशिक्षण शेड्यूल

​आयोग के निर्देशानुसार मतदान 23 अक्टूबर 2026 को होगा। इसके लिए एमआईटी के एवी हॉल में प्रशिक्षण तिथियां इस प्रकार हैं:

  • ​8 और 12 अक्टूबर 2026: पीठासीन पदाधिकारी (सुबह 11 से दोपहर 1 बजे) और प्रथम मतदान अधिकारी (दोपहर 2 से शाम 4 बजे तक)।
  • ​22 अक्टूबर 2026: पोल डेट से एक दिन पूर्व सभी जिला मुख्यालयों के डिस्पैच केंद्रों पर अंतिम प्रशिक्षण दिया जाएगा।

​मतगणना कर्मियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम

​मतगणना 27 अक्टूबर 2026 को होगी। इसके मद्देनजर काउंटिंग सुपरवाइजर व असिस्टेंट के लिए प्रशिक्षण का आयोजन किया गया है:

  • ​14 और 21 अक्टूबर 2026: पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 01:00 बजे तक एमआईटी, मुजफ्फरपुर में विशेष सत्र आयोजित होगा।

​पारदर्शिता व निष्पक्षता सर्वोच्च प्राथमिकता

​प्रमंडलीय आयुक्त ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन अवधि में सभी कर्मी सीधे चुनाव आयोग के नियंत्रण व अनुशासन में कार्य करेंगे। चुनाव को स्वतंत्र, भयमुक्त और पारदर्शी बनाना सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसके लिए प्रमंडल स्तर पर 11 कोषांग पूरी तरह सक्रिय हैं।